Dailynews

आगरा एक्सप्रेस-वे पर 10 गाड़ियां टकराईं, 10 घायल; 2 किमी लंबा जाम

यूपी में कोहरे का कहर जारी है। गुरुवार सुबह लखनऊ, प्रयागराज समेत 15 जिले घने कोहरे की चपेट में रहे। कोहरा बारिश की तरह गिरा। सड़कें गीली हो गईं। विजिबिलिटी शून्य तक सिमट गई। सड़कों पर कुछ भी देखना मुश्किल हो गया।

लखीमपुर-खीरी में हाईवे पर जलालपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से जा घुसी। हादसे में बहराइच के पति, पत्नी और साले की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। योगी ने हादसे पर संज्ञान लेते हुए राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए ।

वहीं, उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण बस-कारों समेत 10 गाड़ियां टकरा गईं। हादसे में 10 लोग घायल हो गए। एक्सप्रेस-वे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

कोहरे की वजह से रेल यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कानपुर समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 25 से ज्यादा ट्रेनें लेट हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि पछुआ हवाओं से सुबह और शाम ठंड बढ़ गई है। कल से पहाड़ी राज्यों में फिर से बर्फबारी और बारिश का दौर शुरू होगा। इसका असर यूपी पर पड़ेगा। पिछले 24 घंटे में हरदोई सबसे ठंडा रहा। पारा 8°C दर्ज किया गया।

संभल में हुई सर्वाधिक बारिश

फरवरी में पिछले चार दिनों की बारिश पर नजर डालें तो संभल में सबसे ज्यादा 73.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा, मेरठ में 51.8 मिलीमीटर और बागपत में 41.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। बारिश के बाद बदले मौसम ने ठंड का एहसास और बढ़ा दिया है।

अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम?

  • 6 फरवरी: पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं घना कोहरा पड़ेगा। पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा।
  • 7 फरवरी: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। तेज हवाएं चल सकती हैं।
  • 8 फरवरी: पूरे प्रदेश में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती हैं
Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *