योगी कैबिनेट में 22 प्रस्ताव पास : धान के रेट 69 रुपए बढ़ाए, महिलाओं को मुफ्त सिलेंडर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट बैठक में 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसके तहत लिंक एक्सप्रेस-वे को आगरा एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा। इसको बनाने में कुल लागत 7488 करोड़ की आएगी। जिसकी लंबाई 90 किलोमीटर होगी।
उज्जवला योजना के तहत दीवाली पर मुफ्त सिलेंडर देने की योजना को भी मंजूरी दी गई है। हर साल दो सिलेंडर होली और दीवाली पर दिया जा रहा है। इसके लिए 1385 करोड़ रुपए का बजट होगा खर्च। 1.85 करोड़ महिलाओं को इसको लाभ दिया जाएगा। मुफ्त सिलेंडर पाने के लिए आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य होगा।
वहीं धान क्रय नीति को मंजूरी दे दी है। इसमें धान का न्यूनतम मूल्य 69 रुपए प्रति कुंतल बढ़ा दिया गया है। पहले 2300 रुपये प्रति कुंतल के हिसाब से धान की खरीद होती थी। अब इसे 2369 रुपये कर दिया गया है। धान की खरीद के लिए सभी जिलों में 3300 केंद्र बनाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने 700 केंद्र और बढ़ाए जाने के लिए कहा है। धान की खरीद 1 अक्टूबर से 31 जनवरी तक पश्चिमी यूपी में और 15 अक्टूबर से लेकर 28 फरवरी तक पूर्वी यूपी में धान की खरीद की जाएगी।
इन प्रस्तावों पर लगी मुहर
- वस्त्र नीति 2017 के तहत एक टेक्सटाइल एंड अपैरल पार्क योजना को मंजूरी दी गई। पीपीपी मॉडल पर 50 एकड़ जमीन पर बनेगा। एक पार्क में 1500 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा।
- औद्योगिक विकास विभाग/सेमी कंडक्टर के संबंध में प्रस्ताव को मंजूरी।
- ठाकुर युवराज सिंह विवि, फतेहपुर को आशय पत्र निर्गत हेतु मंजूरी।
- गांधी विवि झांसी को आशय पत्र के संबंध में लेटर जारी करने हेतु मंजूरी।
- राधागोविन्द विवि, चंदौसी को संचालन अधिकार प्रस्ताव हेतु मंजूरी।
- उत्तरप्रदेश जिला खनिज फाउंडेशन न्यास तृतीय संशोधन नियमावली 2025 को कैबिनेट की मंजूरी।
- मोटा अनाज खरीद पॉलिसी को मंजूरी। मक्का ₹2400/क्विंटल, बाजरा ₹2775/क्विंटल, ज्वार (हाइब्रिड) ₹3699/क्विंटल, ज्वार(मालडंडी) 3749/क्विंटल मूल्य निर्धारित।
- खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में मूल्य समर्थन योजनान्तर्गत धान क्रय नीति निर्धारण को स्वीकृति। 1 अक्टूबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक पश्चिमी उत्तरप्रदेश में, 15 अक्टूबर से 28 फरवरी 2026 तक पूर्वी उत्तरप्रदेश में धान खरीदा किया जाएगा। इस वर्ष कॉमन (सामन्य) धान का क्रय ₹2369/क्विंटल मूल्य निर्धारित किया गया है। ग्रेड ए धान के लिए ₹2389/क्विंटल मूल्य निर्धारित है। 60 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य है।
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से गंगा एक्सप्रेस वे तक ‘लिंक एक्सप्रेस वे’ वाया फर्ररुखाबाद 90 किमी का ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेस वे प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
- सुप्रीम कोर्ट में दायर मृतक आश्रित के संबंध में अपील ‘प्रेमलता बनाम उत्तरप्रदेश सरकार’ के आधार पर मृतक आश्रित योजनांतर्गत जो व्यक्ति जिस कैडर अंतर्गत मृत होगा, उसके आश्रित को उसी कैडर अंतर्गत नौकरी दी जाएगी। उदाहरण के लिए समूह ग के आश्रित को उसी श्रेणी में और समूह घ के आश्रित को उसी श्रेणी में नौकरी दी जाएगी। इस संबंध में प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
- मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण नए शहर प्रोत्साहन परियोजना अंतर्गत रामपुर, अयोध्या, लखनऊ, बागपत विकास प्राधिकरण को धनराशि प्रस्ताव को स्वीकृति।
- वर्ष 2024 में विभिन्न कारणों से जिन बच्चों की छात्रवृत्ति रह गई थी (अनुसूचित जाति,अनुसूचित जनजाति, सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग) उनके लिए छात्रवृत्ति शुल्क प्रतिपूर्ति भुगतान हेतु पोर्टल खोलने व बजट व्यवस्था किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इसके लिए ₹647.38 करोड़ की व्यवस्था की गई है।
- उच्च शिक्षा विभाग/निजी विवि प्रस्ताव।
- रोजगार हेतु संतकबीर टेक्सटाइल्स एवं अपेरल पार्क योजना को स्वीकृति।