लेम्बोर्गिनी से 6 को उड़ाया, कारोबारी के बेटे पर FIR
कानपुर में लेम्बोर्गिनी कार से 6 लोगों को कुचलने के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। दरअसल, कानपुर पुलिस ने रविवार रात कार के नंबर के आधार पर अज्ञात ड्राइवर पर FIR दर्ज की थी। इसके बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया, तो पुलिस बैकफुट पर आ गई।
हालात इतने बिगड़े कि पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल को आगे आना पड़ा। कमिश्नर ने कहा- जांच में तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा का नाम सामने आया है। शिवम मिश्रा का नाम FIR में जोड़ा जा रहा है।
14 करोड़ की लेम्बोर्गिनी कार (DL-11 CF 4018) शिवम मिश्रा के नाम पर ही है। ये कार लेम्बोर्गिनी की लिमिटेड एडिशन मॉडल है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार को शिवम मिश्रा ही कार चला रहा था।
रविवार को हादसे के बाद जब कार को ग्वालटोली थाने ले जाया गया, तो वहां पुलिस ने उसे ब्लैक कवर से कार को ढंक दिया था। ग्वालटोली थाना प्रभारी संतोष गौड़ ने हादसे के तुरंत बाद कहा था कि शिवम मिश्रा की तबीयत खराब हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- जो दुर्घटना करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया- लेम्बोर्गिनी कार एक्सीडेंट में घायल तौफीक की शिकायत पर ग्वालटोली थाने में FIR दर्ज कर ली गई है। तौफीक को आरोपी कार चालक का नाम नहीं पता था। इसलिए अज्ञात में गाड़ी नंबर के आधार पर एक्सीडेंट का मुकदमा लिखा गया था।
गाड़ी काे सीज कर दिया गया है। जांच में सामने आया है कि कारोबारी केके मिश्रा का बेटा शिवम मिश्रा गाड़ी चला रहा था। जांच में साफ होने के बाद अब शिवम का नाम FIR में जोड़ा जाएगा। परिवार के लोगों ने बताया है कि शिवम मिश्रा अस्पताल में है। पुलिस टीम अब उनके घर जाकर जांच कर रही है। जांच में जो भी सामने आएगा, एक्शन होगा। जांच से साफ हो जाएगा कि शिवम को कोई मेडिकल इश्यू है या नहीं। कार को आखिर ढंका क्यों गया? इस पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
चमनगंज घुसियाना में रहने वाले मोहम्मद तौफीक ने FIR में बताया- 8 फरवरी की दोपहर 1:45 बजे मैं झूला पार्क चौराहे के पास अपने दोस्त के साथ सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान VIP रोड पर परमट की ओर से आ रही बेकाबू लेम्बोर्गिनी कार ने मेरे बगल में खड़ी बुलेट में तेजी से टक्कर मारते हुए मुझे भी टक्कर मार दी।
इससे मेरे बाएं पैर में गंभीर चोट आ गई और बुलेट भी छतिग्रस्त हुई है। साथ ही गाड़ी की चपेट में आने से कई अन्य लोग भी घायल हो गए।
अब विस्तार से जानिए पूरा मामला
कानपुर में 8 फरवरी को तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा की लेम्बोर्गिनी कार ने 6 से अधिक लोगों को टक्कर मार दी थी। कार ने एक बुलेट सवार को टक्कर मारी, तो वह हवा में उछलकर 10 फीट दूर जा गिरा। इसके बाद लेम्बोर्गिनी बुलेट के ऊपर ही चढ़ गई थी।
हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कार को घेर लिया था। लोगों के मुताबिक, कारोबारी का बेटा कार के अंदर दुबक गया था। इसके बाद उसके बाउंसरों ने लोगों के साथ हंगामा किया। धक्का देकर लोगों को भगाने का प्रयास किया। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची और कार को थाने ले आई।
थाने में भी कारोबारी के बाउंसरों ने पीड़ितों से अभद्रता की। इसके बाद लोगों ने थाने में जमकर हंगामा किया था। कारोबारी के बेटे और अन्य घायलों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद पुलिस गाड़ी को थाने लेकर पहुंची। भीड़ भी थाने पहुंच गई। रसूखदार और बड़े परिवार का मामला होने के चलते कार को थाने के भीतर सुरक्षित रखा गया। कार को ब्लैक कवर से ढंक दिया गया।

