Crime News

स्पेनिश टूरिस्ट से 7-8 युवकों ने किया गैंगरेप, पति के साथ दुमका में टेंट लगाकर सो रही थी

झारखंड के दुमका में शुक्रवार देर रात स्पेन की महिला से गैंगरेप हुआ। वारदात कुरमाहाट इलाके में हुई, स्पेनिश महिला टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थी। महिला की उम्र 30 साल है।

महिला दुमका में घूम रही थी। रात होने पर पति के साथ एक खेत में टेंट लगाकर आराम कर थी तभी उसके साथ वारदात हुई। विरोध करने पर आरोपियों ने कपल के साथ मारपीट भी की। गैंगरेप में कुंजी गांव के 7-8 युवकों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद महिला खुद बाइक चलाकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंची।

इधर मामला बजट सत्र के आखिरी दिन विधानसभा में भी उठा। BJP विधायक अमित मंडल ने इसे प्रदेश के साथ-साथ देश की बदनामी बताया।

स्पेन से आए पति-पत्नी पहले पाकिस्तान गए थे, वहां से बांग्लादेश होते हुए झारखंड के दुमका पहुंचे थे। महिला अपने पति के साथ बाइक से टूर पर निकली है। दोनों दुमका होते हुए भागलपुर की ओर जा रहे थे, लेकिन रात होने पर हंसडीहा बाजार से पहले एक सुनसान जगह पर टेंट लगाकर सो गए। इसी दौरान आसपास के कुछ युवक वहां पहुंचे और उन्होंने महिला के साथ गैंगरेप और मारपीट की।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रात करीब 10.30 बजे पुलिस की गश्ती टीम को महिला ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। पुलिस ने जब सर्च अभियान चलाया तो अरहर के खेत में महिला के कपड़े मिले। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला के साथ गैंगरेप की पुष्टि की गई है।

मामले की जांच के लिए जरमुंडी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। दुमका पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि महिला ने जंगल में कैंप लगाने की कोई जानकारी नहीं दी थी।

‌BJP विधायक अमित मंडल ने बजट सत्र के आखिरी दिन सदन में ये मामला उठाया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच होनी चाहिए। जांच कमेटी बनाने की मांग की। कहा-ऐसी घटना से झारखंड के साथ पूरे देश की बदनामी हुई है। उन्होंने दुमका के SP को तत्काल हटाने की मांग की। मंडल ने आरोप लगाया कि अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *