बुलन्दशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण की 85वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न
बुलन्दशहर। बुलन्दशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण की 85वीं बोर्ड बैठक शुक्रवार को मेरठ मंडलायुक्त भानू चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें वित्तीय एवं विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट तथा वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित आय-व्यय को स्वीकृति दी गई। साथ ही वर्ष 2024-25 की बैलेंस शीट का अवलोकन किया गया। विकास प्राधिकरणों व आवास विकास परिषद की संपत्तियों के लागत निर्धारण हेतु आदर्श कास्टिंग गाइडलाइंस-2025 को भी अंगीकृत किया गया।
अनूपशहर, शिकारपुर व गुलावठी क्षेत्र में महायोजना लागू न होने के चलते सब-रीजनल प्लान के भू-उपयोग मानचित्र के आधार पर भवन मानचित्र स्वीकृत करने संबंधी प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ताओं की फीस गाजियाबाद व मेरठ विकास प्राधिकरण के समकक्ष करने का निर्णय लिया गया।

