Live News

बुलंदशहर के पहासू-खुर्जा मार्ग पर युवक के साथ हादसा

बुलंदशहर के पहासू थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। पहासू-खुर्जा मार्ग पर पलरा झाल नहर के समीप अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

मृतक की हुई पहचान

मृतक की पहचान थाना छतारी क्षेत्र के गांव सरभन्ना निवासी मनोज पुत्र बिन्नामी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मनोज नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और मंगलवार सुबह अपने गांव से ड्यूटी पर जाने के लिए निकला था। रास्ते में यह हादसा हो गया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

अज्ञात वाहन चालक फरार

हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पहासू थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *