आवासीय विद्यालय में एडमिशन शुरू, जानें आवेदन प्रक्रिया
आजमगढ़ : श्रमिक और कामगार परिवारों के बच्चों को बेहतर और निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. आजमगढ़ जिले में स्थित अटल आवासीय विद्यालय गंभीरवन में सत्र 2026–27 के लिए कक्षा 6 और कक्षा 9 में नामांकन किया जाएगा. पात्र श्रमिक अपने बच्चों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं.
कक्षा 6 से 12 तक मिलेगी निःशुल्क शिक्षा
अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक की पूरी शिक्षा निःशुल्क प्रदान की जाती है. इसमें बच्चों को आवास, भोजन, किताबें, यूनिफॉर्म और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सुविधा मिलती है. यह विद्यालय विशेष रूप से श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों के लिए संचालित किया जाता है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी बेहतर भविष्य मिल सके.
प्रवेश के लिए शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया
अटल आवासीय विद्यालय में एडमिशन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. पात्र श्रमिक अपने बच्चों के लिए कक्षा 6 और कक्षा 9 में 15 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों रूपों में उपलब्ध है, जिससे अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
विद्यालय में प्रवेश के लिए श्रम विभाग में श्रमिक का कम से कम तीन वर्ष पुराना पंजीयन होना जरूरी है. केवल वही परिवार पात्र माने जाएंगे जिनका पंजीयन 30 नवंबर 2025 तक तीन वर्ष पूरा कर चुका होगा. इच्छुक श्रमिक जन सुविधा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या श्रम विभाग कार्यालय में जाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑफलाइन आवेदन भी कर सकते हैं.
कोविड-19 महामारी में अनाथ हुए बच्चे, जिनका पंजीयन महिला एवं बाल कल्याण विभाग में है, अथवा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लिए पात्र बच्चे भी अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं. हालांकि, प्रति परिवार अधिकतम दो बच्चों को ही प्रवेश के लिए पात्र माना जाएगा.
आजमगढ़ के उपश्रम आयुक्त राजीव सिंह ने जानकारी दी कि आवेदन की अंतिम तिथि पहले 31 जनवरी थी, जिसे बढ़ाकर 15 फरवरी 2026 कर दिया गया है. प्रवेश परीक्षा 8 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी. अटल आवासीय विद्यालय गंभीरवन आजमगढ़ में कक्षा 6 के लिए कुल 160 सीटें निर्धारित हैं, जिनमें 80 छात्र और 80 छात्राएं शामिल हैं. वहीं कक्षा 9 में प्रवेश के लिए कुल 81 सीटें तय की गई हैं, जिनमें 50 छात्र और 31 छात्राएं शामिल होंगी.
प्रवेश आवेदन पत्र के साथ श्रमिक का पंजीयन प्रमाण पत्र, बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र, पिछली कक्षा का शैक्षणिक प्रमाण पत्र, श्रमिक की आय प्रमाण पत्र समेत अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करना अनिवार्य होगा. सभी दस्तावेज सही और पूर्ण होने पर ही आवेदन स्वीकार किया जाएगा.

