आगरा : युवतियों ने बीच सड़क पर कर दी मनचलों की पिटाई
आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित सेल्फी पॉइंट के पास गुरुवार शाम को स्कूटी सवार तीन युवतियों और कार सवार युवकों के बीच छेड़छाड़ के आरोप को लेकर विवाद हो गया।
देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया और सड़क पर ही मारपीट शुरू हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी पर सवार तीन युवतियों का कार सवार कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। युवतियों ने आरोप लगाया कि कार सवार युवकों ने उनके साथ छेड़छाड़ की, जिसके बाद मौके पर ही तीखी बहस शुरू हो गई। गुस्साई युवतियों ने सड़क पर ही युवकों की पिटाई कर दी, जिससे मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि दोनों पक्षों के युवक और युवतियां कौन थे। घटना के दौरान कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश भी की, लेकिन माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा।
ताजगंज थाना प्रभारी ने कहा है कि फिलहाल पुलिस के पास ऐसा कोई मामल सामने नहीं आया है। दोनों में से कोई पक्ष पुलिस के पास नहीं पहुंचा है। शिकायत मिलने पर पुलिस संबंधित पक्षों की पहचान कर आगे की कार्रवाई करेगी।

