आगरा : सपा सांसद की जीभ काटने पर एक लाख का इनाम: नोटों की गड्डी लहराकर महिला का ऐलान
राणा सांगा को गद्दार कहने वाले सपा सांसद रामजीलाल सुमन बैकफुट पर आ गए हैं। उन्होंने वीडियो जारी कर माफी मांगी है। कहा- मेरा मकसद किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था।
इधर, आगरा में सपा सांसद के खिलाफ अखिल भारतीय हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सपा सांसद का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान हिंदू महासभा के महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने नोटों की गड्डियां दिखाकर कहा- जो भी रामजी लाल सुमन की जीभ काटकर लाएगा, उसे 1 लाख रुपए कैश दिए जाएंगे। सांसद का भी डीएनए टेस्ट होना चाहिए।
अखिल भारत हिंदू महासभा ने सपा सांसद के खिलाफ थाना हरी पर्वत में तहरीर दी है। इसमें 24 घंटे के अंदर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। अगर ऐसा नहीं होता है, तो उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष युवा बृजेश भदौरिया ने कहा- मुलायम सिंह यादव ने अयोध्या में निहत्थे कार सेवकों पर गोलियां चलवाई थीं। सपा पार्टी के नेता अबू आजमी ने औरंगजेब को अपना आदर्श बताया है। उसी कड़ी में रामजी लाल सुमन ने राणा सांगा को गद्दार कहा है। सपा का तो इतिहास यही रहा है। सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने शनिवार को राज्यसभा में कहा- भाजपा वालों का तकिया कलाम हो गया कि मुसलमानों में बाबर का डीएनए है तो फिर हिंदुओं में किसका डीएनए है? बाबर को कौन लाया? बाबर को भारत में इब्राहिम लोदी को हराने के लिए राणा सांगा लाया था।
मुसलमान बाबर की औलाद हैं तो तुम (हिंदू) गद्दार राणा सांगा की औलाद हो। यह हिंदुस्तान में तय हो जाना चाहिए। बाबर की आलोचना करते हैं, राणा सांगा की नहीं। देश की आजादी की लड़ाई में इन्होंने अंग्रेजों की गुलामी की थी। हिंदुस्तान का मुसलमान बाबर को अपना आदर्श नहीं मानता है। वो मोहम्मद साहब और सूफी परंपरा को आदर्श मानता है।
सपा सांसद ने कहा था- क्या यह देश किसी के बाप का है? हिंदुस्तान में विभिन्न धर्मों के लोग रहते हैं। हिंदुस्तान की धरती पर जितना अधिकार हिंदू का है, उतना ही मुसलमान का भी है। राष्ट्रीय आंदोलन में सभी जातियों ने तिरंगे के नीचे एक कौम बनाई। आखिरी मुगल बादशाह बहादुर शाह जफर के बेटे का अंग्रेजों ने सिर कलम कर दिया गया था। कटे सिर को बादशाह जफर के पास भेज दिया गया। अंग्रेजों ने कहा- दमदमे में दम नहीं है, खैर मांगो जान की…ऐ जफर, ठंडी हुई अब तेग हिंदुस्तान की। इस पर बूढ़े बादशाह जफर ने कहा था- गाजियों में बू रहेगी, जब तक ईमान की… तख्त ऐ लंदन तक चलेगी, तेग हिंदुस्तान की।