अखिलेश यादव बोले- ‘जब जाएंगे भाजपाई, तभी हटेगी महंगाई’
Akhilesh Yadav News: उत्तर प्रदेश की सियासी बिसात पर समाजवादी पार्टी अपनी चालें तेज कर रही है. पूर्वांचल की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाले नेता रोहित कुमार पांडे ने आज अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया. लखनऊ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में खुद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई. रोहित पांडे के साथ ही पूर्व डीआईजी राम शरद राम भी सपा में शामिल हुए. इस मौके पर अखिलेश यादव ने न केवल नए साथियों का स्वागत किया, बल्कि महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर योगी सरकार को जमकर घेरा.
पूर्वांचल में सपा को मिली नई मजबूती
रोहित कुमार पांडे पूर्वांचल का एक जाना-पहचाना चेहरा हैं और पूर्व में लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं. उनके सपा में आने से पार्टी को जमीनी स्तर पर बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है. उनके साथ बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं ने यह साफ कर दिया कि आने वाले समय में पूर्वांचल की लड़ाई दिलचस्प होने वाली है. अखिलेश यादव ने रोहित पांडे, पूर्व डीआईजी राम शरद राम, अंकित सिंह और डीएनएनएस यादव का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाजवाद के इस परिवार में सबका स्वागत है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने महंगाई के मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार भारी-भरकम टैक्स वसूल रही है और दूसरी तरफ महंगाई आसमान छू रही है. उन्होंने एलपीजी (LPG) के बढ़ते दामों का जिक्र करते हुए कहा, ‘आज ही एलपीजी पर 60 रुपये बढ़ा दिए गए. ये लोग बहाना बनाते हैं कि परिस्थितियां खराब हैं, इसलिए दाम बढ़े हैं. लेकिन हकीकत यह है कि जो चीज एक बार महंगी हो गई, बीजेपी उसे कम नहीं करती.’ इस दौरान अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए नारा दिया कि ‘जब जाएंगे भाजपाई, तभी हटेगी महंगाई.’
अपराध और पुलिस तंत्र पर उठाए गंभीर सवाल
सपा अध्यक्ष ने कानपुर की एक घटना का हवाला देते हुए कानून-व्यवस्था पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस विभाग के लोग ही अपराधियों को जानकारी लीक कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘कानपुर में पुलिस वालों की कॉल डिटेल निकली तो पता चला कि वे अपराधियों से मिले हुए हैं. हद तो तब हो गई जब खबर आई कि गांजे की तस्करी में भी पुलिस की संलिप्तता है.’ उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इतना भारी मात्रा में पकड़ा जाने वाला गांजा जाता कहां है?
बीजेपी के ‘विदाई’ वाले दौर पर अखिलेश का तंज
अखिलेश यादव ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि एक्सप्रेस-वे, लैपटॉप वितरण, रिवर फ्रंट और थर्मल प्लांट जैसे बड़े काम सपा शासन में हुए. उन्होंने वर्तमान मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, ‘ये पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो अपनी विदाई से पहले ही घूमने निकल गए हैं.’ उन्होंने बीजेपी द्वारा लॉन्च किए गए एक गाने पर भी आपत्ति जताई और कहा कि हम इस पर FIR करवाएंगे, लेकिन हमें पता है कि कोई पकड़ा नहीं जाएगा क्योंकि इसमें बीजेपी के लोग ही शामिल हैं.

