यूपी के 40 जिलों में बारिश-तेज हवाओं का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश का दौर जारी है। ललितपुर में मंगलवार सुबह 4 बजे बारिश हुई। वाराणसी-मेरठ समेत 10 जिलों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज 40 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके चलते मौसम में बदलाव आया है। पिछले 24 घंटों की बात करें तो बांदा सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बुलंदशहर समेत पश्चिमी यूपी के सात जिलों में हल्की बारिश हुई।
शहरों के हाल जानिए
मेरठ में सुबह से धूप खिली है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार, अगले 24 घंटों में बारिश की संभावना है। रात के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
वाराणसी में आसमान में हल्के बादल हैं। हवा फिलहाल शांत है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में करीब 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री दर्ज किया गया है।
ललितपुर में मंगलवार सुबह जमकर बारिश हुई। इससे तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बारिश के कारण गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है।
आगरा में सुबह से हल्की धूप निकली है, लेकिन दोपहर बाद मौसम बदलने के आसार हैं। सोमवार को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में रुक-रुक कर बूंदाबांदी हुई।
4 दिन कैसा रहेगा मौसम?
- 1 अप्रैल- पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। आंधी चलेगी। कहीं-कहीं ओले गिर सकते हैं।
- 2 अप्रैल- मौसम साफ रहेगा। आसमान में बादलों की आवाजाही रहेगी। तापमान में मामूली बढ़ोतरी रिकॉर्ड की जाएगी।
- 3 अप्रैल- पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहेगा।
- 4 अप्रैल- पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी। पूर्वी यूपी में आसमान साफ रहेगा।

