अलीगढ़ : BJP नेता के गनर ने महानगर मंत्री पर कार्बाइन तानी
अलीगढ़ में अटल स्मृति सम्मेलन के दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा के गनर ने दलित नेता राकेश सहाय पर कारबाइन तान दी। दरअसल, कार्यक्रम में BJP के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य बतौर चीफ गेस्ट पहुंचे थे। उन्हें देखते ही कार्यकर्ताओं में सेल्फी लेने की होड़ मच गई।
इस दौरान BJP महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा और कार्यकर्ताओं के बीच फिर से धक्का-मुक्की होने लगी। कार्यकर्ताओं के बीच BJP अनुसूचित जाति मोर्चा के महानगर मंत्री राकेश सहाय भी थे। धक्का-मुक्की के बीच राजीव शर्मा के गनर ने राकेश सहाय पर बंदूक तान दी।
इसके बाद कार्यकर्ता भड़क गए। हंगामा शुरू हो गया। वहां पर मौजूद भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने किसी तरह कार्यकर्ताओं को शांत कराया
- प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हैबिटेट सेंटर में अटल स्मृति सम्मेलन चल रहा था। इसमें हिस्सा के लिए भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य पहुंचे थे। उनके पहुंचते ही राकेश सहाय और कुछ अन्य कार्यकर्ताओं ने उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश की। लेकिन, वहां पहले मौजूद राजीव शर्मा ने सबको धक्का देकर हटा दिया।
- चूंकि, कार्यक्रम शुरू होने वाला था, इसलिए वहां से सब जल्दी-जल्दी मंच के पास पहुंच गए। मंच पर क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने के लिए राकेश सहाय, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा और गोरांग तिवारी आगे बढ़े तो महानगर अध्यक्ष के गनर ने उन्हें रोक दिया। यहां भी धक्का-मुक्की की स्थिति बनी।
- कुछ कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताते हुए गनर को कार्यक्रम से बाहर करने की बात कही। हालांकि, मामला किसी तरह शांत करा दिया गया। सम्मेलन खत्म होने के बाद जब क्षेत्रीय अध्यक्ष मंच से नीचे उतरने लगे तो फिर उनके साथ फोटो खिंचवाने की होड़ मच गई। इस दौरान राजीव शर्मा और राकेश सहाय आमने-सामने आ गए।
- कार्यकर्ताओं में फिर धक्का-मुक्की होने लगी। क्षेत्रीय अध्यक्ष के जाते ही गनर और कार्यकर्ताओं के बीच कुछ कहासुनी होने लगी। इस बीच गनर ने कारबाइन निकाल ली और राकेश सहाय पर तान दी। इस हरकत से कार्यकर्ता भड़क गए। हंगामा शुरू हो गया।
राकेश सहाय ने कहा- कार्यकर्ता केवल क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ फोटो खिंचवाना चाहते थे। गनर महानगर अध्यक्ष की सुरक्षा के लिए हैं। उन्हें मंच पर या पार्टी के कार्यक्रमों में हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है। जिसकी सुरक्षा में हैं, वहां ध्यान देना चाहिए।
गनर के साथ हाथापाई की गई महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा ने कहा- राकेश सहाय और उनके साथियों ने धक्का-मुक्की की थी। जब गनर ने उन्हें रोका, तो उसके साथ भी हाथापाई की गई। इस घटना से पार्टी की छवि खराब हुई है।
गनर ने एसएसपी को लिखित शिकायत की उधर, इस घटना के बाद आरोपी गनर अनूप कुमार ने एसएसपी नीरज जादौन से मुलाकात कर लिखित शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

