Crime News

अलीगढ़ : थाने में बेटे ने मां को जिंदा जलाया, पुलिस के सामने पेट्रोल डालकर आग लगाई

अलीगढ़ में बेटे ने थाने में मां को जिंदा जला दिया। उसने पुलिसवालों के सामने ही मां पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। इसके बाद वह मां को बचाने की जगह वीडियो बनाने लगा।

पुलिसकर्मियों ने मिट्‌टी और कंबल डालकर किसी तरह महिला को बचाया, लेकिन तब तक वह 80% झुलस गई। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

महिला का अपनी ससुराल वालों से प्रॉपर्टी को लेकर झगड़ा चल रहा था। इसी को लेकर मां और बेटे थाने पहुंचे थे। कहा जा रहा है बेटे ने अपने बाबा के परिवार को फंसाने के लिए मां को आग लगा दी।

पति के मामा के मकान में रहती थी हेमलता, खाली करने का था दबाव
SP देहात पलाश बंसल ने बताया- शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला का नाम हेमलता है। उसके पति राज बहादुर सिंह की 5 साल पहले मौत हो चुकी है। दरकन नगरिया गांव में एक पुश्तैनी मकान है। इसमें हेमलता अपने बेटे के साथ रहती है। यह मकान राज बहादुर के मामा चंद्रभान के नाम पर है।

शुरू से राज बहादुर यहां परिवार के साथ रहता था। जब उसकी मौत हो गई, तब चंद्रभान मकान खाली करने का दबाव बना रहा था। हेमलता और उसका बेटा मकान खाली करने के एवज में 10 लाख रुपए चाहते थे। चंद्रभान 5 लाख रुपए देने पर तैयार था। इस मामले की थाने में कई दिन से पैरवी चल रही थी।

हेमलता ने 5 महीने पहले अपने ही मामा ससुर और उसके परिवार के लोगों पर छेड़खानी की FIR दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच के बाद इसमें चार्जशीट लगा दी थी। लेकिन, चंद्रभान को गिरफ्तार नहीं किया। इसके बाद हेमलता ने थाने में फिर एक तहरीर दी कि उसके साथ चंद्रभान और उसके परिवार ने मारपीट की है।

पुलिस ने पारिवारिक विवाद मानते हुए फिर कोई कार्रवाई नहीं की। विवाद बढ़ता देखकर मंगलवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था।

थाने में लगे CCTV में दिखा कि हेमलता ने खुद फिर उसके बेटे ने पेट्रोल छिड़का। उसके बाद लाइटर से हेमलता ने 2 बार खुद आग लगाने का प्रयास किया। लेकिन लाइटर जमीन पर गिर गया। इसके बाद बेटे ने लाइटर उठाया और जलाया। कुछ देर में महिला आग की लपटों में घिर गई। उसका बेटा बचाने का प्रयास नहीं करता, बल्कि वीडियो बनाने लगता है।

महिला को आग में घिरा देखकर थाने में मौजूद पुलिस वालों ने महिला को कंबल से ढकने का प्रयास किया। मगर आग बहुत तेजी से फैली। 6-7 पुलिस वालों की कोशिशों के बावजूद महिला झुलस गई। उसको अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रवाना किया गया।

पुलिस ने महिला के बेटे को हिरासत में लिया है। ऐसा माना जा रहा है कि बेटे ने अपने ही परिवार के लोगों को फंसाने के लिए मां को आग के हवाले कर दिया। SP देहात ने कहा- हमारे पास इस घटना की CCTV आ चुका है। बेटे को हिरासत में लिया गया है।

वहीं, हेमलता के भाई चंद्र मोहन ने आरोप लगाया कि थाने में हेमलता और उसका बेटा पहुंचे थे। दूसरे पक्ष से चंद्रभान, मुकेश और उनके बेटे आए थे। चंद्रभान ने धमकी दी कि क्या तुझे यहीं आग लगा दूं। हेमलता परेशान हो गई थी। वह थाने से बाहर आ गई थी।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *