अलीगढ़ : युवक ने मस्जिद में सिर पटका
अलीगढ़ में एक टेंपो ड्राइवर जुमे पर मस्जिद गया। नमाज के दौरान वह फर्श पर अपना सिर और हाथ-पैर पटकने लगा। फिर फर्श पर लेट गया। नमाजियों ने उसे शांत कराने की कोशिश की, मगर उसने हंगामा शुरू कर दिया।
नमाजियों ने पुलिस को जानकारी दी। टेंपो ड्राइवर ने पुलिस कर्मियों से अभद्रता की। पुलिसकर्मी ने उसके चेहरे पर दो थप्पड़ मार दिए। फिर नामजियों की मदद से उसे गाड़ी में बैठाया। पुलिस उसे सीएचसी लेकर पहुंची।
यहां उसकी तबियत बिगड़ गई। फिर उसे जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एसपी ग्रामीण मामले की जांच के आदेश दिए हैं। मामला इगलास थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, हाथरस के मधुगढ़ी निवासी शैफी कुरैशी टेंपो चलाते थे। शुक्रवार को वह हाथरस से टेंपो लेकर इगलास आए थे। जुमा होने के कारण वह कस्बे की मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए गए।
नमाजियों ने बताया कि शैफी नमाज के दौरान उल्टी सीधी हरकतें करने लगा। वह फर्श पर कभी अपना हाथ पटकता तो कभी पैर। सिर भी उसने फर्श पर पटका। जब लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की तो वह उनसे उलझ गया।
जिसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब उसके पास पहुंची तो वह अपशब्द बोलने लगा। शैफी ने पुलिसकर्मियों को गालियां दी। सड़क पर लेट गया और यहां भी हाथ-पैर पटकने लगा। हंगामा करने लगा।
नमाजियों की मदद से पुलिस ने उसे गाड़ी में बैठाया। इस बीच पुलिस ने उसके चेहरे पर दो-तीन थप्पड़ भी मारे।
कोतवाली प्रभाारी नरेंद्र यादव ने बताया, मशक्कत के बाद उसे गाड़ी में बैठाया। फिर उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां से उसे जेएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इस दौरान शैफी गाड़ी में अपना सिर और हाथ-पैर पटकता रहा।
पिता महबूब अली ने बताया- शैफी कुछ माह पहले कोलकाता गया था। व्यापार में घाटा होने पर वह लौट आया था। उस पर काफी कर्ज हो गया तो वह टैंपो चलाने लगा। वह मानसिक रूप से बीमार भी था। उसका आगरा से इलाज चल रहा था।
एसपी ग्रामीण अमृत जैन ने बताया कि टेंपो चालक मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा था। पोस्टमार्टम से मौत के कारण स्पष्ट हो जाएंगे और मामले की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।