Latest

अमेठी हत्याकांड, टीचर की पत्नी का प्रेमी निकला कातिल, STF ने किया गिरफ्तार

अमेठी हत्याकांड में चौंकाने वाली बात सामने आई है। रायबरेली के चंदन वर्मा ने ही टीचर के पूरे परिवार की हत्या की। सूत्रों के मुताबिक, उसका टीचर की पत्नी से अफेयर था। दोनों की वीडियो कॉल पर बात भी होती थी।

वारदात से पहले चंदन वर्मा ने वॉट्सऐप के बायो में लिखा था- 5 लोग मरने वाले हैं। चंदन वर्मा ने गुरुवार शाम घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। उसने टीचर को 3, पत्नी को 2 और बच्चियों को एक-एक गोली मारी। STF ने मुख्य आरोपी चंदन वर्मा को शुक्रवार शाम को गिरफ्तार कर लिया।

राहुल गांधी जल्द रायबरेली आएंगे। उन्होंने पीड़ित पिता से फोन पर बात की। वहीं, स्मृति ईरानी ने मुंबई में रहने वाले टीचर सुनील के भाई को गांव लाने का इंतजाम किया है। उन्होंने भी पिता से फोन पर बात कर हर मदद का भरोसा दिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शादी से पहले ही चंदन वर्मा का टीचर की पत्नी से अफेयर चल रहा था। इसका टीचर को पता चला गया था। 18 अगस्त को यानी 47 दिन पहले टीचर की पत्नी पूनम भारती ने रायबरेली जिले की नगर कोतवाली में FIR कराई थी। इसमें चंदन से जान को खतरा बताया था। कहा- परिवार की हत्या होगी तो इसका जिम्मेदार चंदन वर्मा होगा।

पुलिस ने FIR दर्ज कर चंदन से पूछताछ भी की थी। इसके बाद 12 सितंबर को चंदन ने अपना वॉट्सऐप बायो चेंज किया था। FIR के बाद पूनम और चंदन के बीच बातचीत बंद हो गई। FIR दर्ज होने पर चंदन परिवार को परेशान करने लगा।

गुरुवार को बुलेट से टीचर के घर पहुंचा। बच्चों को पैसे दिए। इसके बाद पति-पत्नी से उसकी कहासुनी हो गई। इसी बीच उसने पति, पत्नी और बच्चों को गोली मार दी। वारदात के बाद बुलेट छोड़कर फरार हो गया।

वारदात के बाद मेडिकल स्टोर संचालक राम मनोहर यादव सबसे पहले मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया- गुरुवार शाम 6.50 बजे का वक्त था। गोली चलने की आवाज आई। फायरिंग की आवाज सुनकर मैं टीचर सुनील के घर की तरफ दौड़ा। इतने में एक और फायरिंग हुई। मैं डर गया। तुरंत घर से 100 मीटर की दूरी पर पुलिस तैनात थी, वहां पर पहुंचा।

उन्होंने बताया- पुलिस को गोली चलने की बात बताई और उनके साथ दौड़ते हुए मौके पर पहुंचा। दरवाजा खोला तो मैं दंग रह गया। खून से लथपथ सभी पड़े थे। पति और पत्नी की लाश घर के आंगन में लगे नल के पास थी। 10 कदम की दूरी पर दोनों बेटियों की लाश पड़ी थी।

टीचर सुनील कुमार (34) रायबरेली में सुदामापुर गांव के रहने वाले थे। उनके पिता राम गोपाल गांव में रहते हैं। टीचर बनने से पहले सुनील पुलिस में थे। 10 दिसंबर, 2020 को सुनील की बेसिक शिक्षा विभाग में सरकारी नौकरी लगी थी।

12 मार्च, 2021 को उन्हें अमेठी जिला मुख्यालय से 62 किमी दूर पनहौना प्राइमरी स्कूल में जॉइनिंग मिली। ​​अमेठी में सुनील अहोरवा भवानी चौराहे पर मुन्ना अवस्थी के घर 3 महीने से किराए पर रह रहे थे।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *