अमरोहा : पुलिस के सामने कांवड़ियों पर पथराव, सिपाही समेत 5 घायल
अमरोहा में कांवड़ियों पर मुस्लिम समुदाय के युवकों ने पथराव कर दिया। आरोप है कि उन पर बर्तन भी फेंके गए। बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी हमला किया गया। इस हमले में एक पुलिसकर्मी समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 2 किलोमीटर दूर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छेबड़ा बाइपास स्थित शिव मंदिर के पास की है। दरअसल, शनिवार शाम कांवड़ियों ने मोहल्ले में भंडारे का आयोजन किया था। इस दौरान कांवड़िए डीजे पर भोले बाबा के भजनों पर डांस कर रहे थे।
करीब 50 मीटर दूर कुछ मुस्लिम युवक जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। आरोप है कि दूसरे समुदाय के दो दर्जन से अधिक युवकों ने भंडारे में पहुंचकर मारपीट और बवाल किया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने और भीड़ जुटने पर आरोपी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद गुस्साए कांवड़ियों ने बाइक को तोड़ दिया।
अमरोहा में कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छेबड़ा बाईपास के रहने वाले कुछ लोग हरिद्वार से गंगाजल लेकर शनिवार शाम लौटे थे। इन कांवडियों ने मोहल्ले की शिव मंदिर के करीब रात में भंडारे का आयोजन किया जा रहा था। वहां डीजे लगाया गया था। खाना खाने के बाद कांवड़िये डीजे पर भगवान शिव के भक्ति गीतों पर डांस कर रहे थे।
विद्या देवी की नातिन राखी ने बताया कि भंडारे से महज 50 मीटर की दूरी पर कुछ युवक बर्थडे पार्टी मना रहे थे। रात करीब 10 बजे अचानक 25-30 युवक भंडारे के पास पहुंचे और भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। उन्होंने भगवान के लिए भी अपशब्द कहे।
सभी युवक एक-दूसरे को मुस्लिम नामों से पुकार रहे थे। उनमें से एक युवक खुद को पत्रकार बता रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो युवकों ने एकजुट होकर हमला कर दिया। उन्होंने बड़े-बड़े पत्थर उठाकर फेंकने शुरू कर दिए और भंडारे के बर्तन भी फेंक दिए।
हमलावरों ने उनकी दादी के सिर पर पत्थर का चौका मार दिया, जिससे उनका सिर फट गया। इस घटना में चार अन्य लोग भी घायल हो गए। कांवड़ियों ने डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद बाइक पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची।
हमलावरों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया, जिससे सिपाही शोएब रजा खान के सिर में पत्थर लगने से वह घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज तोमर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस को आता देख हमलावर अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए। गुस्साए कांवड़ियों ने पुलिस के सामने ही हमलावरों की बाइक तोड़ दी। पुलिस ने घायल सिपाही समेत सभी पांच घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मलहम-पट्टी के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने घायल विद्या देवी के बेटे अभिषेक सैनी की तहरीर पर 4 नामजद और 22–25 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। नामजद आरोपियों में इमरान, मुकीम, दरबारे कला निवासी युनिस अली पुत्र आसिक अली और बसावनगंज निवासी मोहम्मद जाहिद पुत्र मुन्ना शामिल हैं।
अभिषेक सैनी ने तहरीर में बताया कि रात करीब 9 बजे शिव मंदिर के पास भंडारा चल रहा था। इसी दौरान आरोपियों पहुंचे थे। जान से मारने की नीयत से घर में घुसकर हमला किया। पथराव में उनकी मां विद्या देवी के सिर में गंभीर चोट आई। हरिद्वार से कांवड़ लाए अन्य शिवभक्त भी घायल हुए।
एसपी अमित कुमार आनंद ने कहा- मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल इलाके में पुलिस तैनात है और हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

