Crime News

बरेली : घर में फंदे पर लटके मिले देवर-भाभी

बरेली में देवर और भाभी ने सुसाइड कर लिया। दोनों के शव अपने-अपने कमरे में फंदे पर लटके मिले। परिजनों ने गुरुवार सुबह पहले महिला का शव देखा। युवक के कमरे में गए तो उसका शव भी फंदे पर लटका मिला।

महिला के मायके वालों ने पति पर अपने भाई और पत्नी की हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पति देवर-भाभी के बीच अवैध संबंध का शक करता था। इस बात को लेकर आए दिन मारपीट करता था।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फोरेंसिक टीम को बुलाकर मौके पर सबूत जुटाए। पुलिस हत्या और सुसाइड दोनों एंगल पर जांच कर रही है। मामला इज्जतनगर थाना क्षेत्र के आलोक नगर का है।

उत्तराखंड के उधमसिंह नगर के सितारगंज के धानचौड़ा गांव निवासी सोनी (27) की शादी 2016 में बरेली के इज्जतनगर के आलोक नगर निवासी विवेक से हुई थी। सोनी के दो बच्चे हैं। तीन साल का बेटा कैरव और पांच साल की बेटी तान्या।

विवेक के पिता की कई साल पहले मौत हो चुकी है। उनके साथ मां रामवती और छोटा भाई अंकित (30) भी रहता था। अंकित की 3 साल पहले 2022 में शादी हुई थी। 3 महीने बाद ही उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। तब से वह अपने भाई के परिवार के साथ ही रहता है।

गुरुवार सुबह 10 बजे महिला सोनी का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घर में परिजनों का रोना-बिलखना शुरू हो गया। कुछ देर बाद लोगों का ध्यान गया तो देवर अंकित कहीं नहीं दिख रहा था। परिजन उसके कमरे में गए तो उसका शव भी फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सोनी की भाभी शीला ने कहा कि देवर-भाभी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उनकी हत्या कर उन्हें फंदे पर लटका दिया गया। ताकि यह आत्महत्या लगे। सोनी करीब 8 महीने से मायके में रह रही थी। जब पति कई बार लेने आया तो हमने नहीं भेजा। दो महीने पहले वह पैरों में गिरकर माफी मांगने लगा, तब जाकर सोनी को भेजा था।

वहीं, पत्नी की मौत के बाद देवर अंकित मानसिक रूप से टूट गया था। वह अक्सर रोता रहता था। कुछ समय से विवेक देवर-भाभी दोनों के बीच अवैध संबंध होने का शक करता था।

भाभी शीला ने बताया कि विवेक सुबह से ही शराब पीता था। दिन-रात नशे में रहता था। कल फोन पर सोनी ने कहा था कि उसका पति उसे बहुत परेशान कर रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है।

सीओ सिटी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि आलोक नगर में देवर-भाभी ने सुसाइड किया है। फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया है। शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। अभी तक कोई शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *