बरेली की महिला इंस्पेक्टर-पति के नाम 80 करोड़ की प्रॉपर्टी, मेरठ में आय से अधिक संपत्ति की FIR
बरेली में तैनात महिला इंस्पेक्टर नरगिस खान और उनके बिजनेसमैन पति सुरेश कुमार यादव उर्फ शेखर के पास 80 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति सामने आई है। इंस्पेक्टर नरगिस खान के खिलाफ मेरठ के मेडिकल थाने में आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत 3 जून को मुकदमा दर्ज किया गया। यह मुकदमा भ्रष्टाचार निवारण संगठन, मेरठ में तैनात इंस्पेक्टर दुर्गेश कुमार ने कराई है।
टीम सारी संपत्ति का ब्योरा जुटा रही है। नरगिस खान की सपा सरकार में तूती बोलती थी। उनकी पोस्टिंग टॉप थानों में रही। नरगिस खान और उनके पति इससे पहले 2021 में करोड़ों रुपए के गबन के मामले में लखनऊ से गिरफ्तार हुए थे। साल 2021 में इंस्पेक्टर नरगिस खान और उसके पति सुरेश कुमार यादव को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया था।
मेरठ के शास्त्रीनगर A-ब्लॉक निवासी नरगिस खान वर्तमान में बरेली में विशेष अनुसंधान विभाग सहकारिता प्रकोष्ठ में तैनात हैं। जांच में कई ऐसे वित्तीय लेनदेन और संपत्तियों का खुलासा हुआ है, जो उनके घोषित स्रोतों से मेल नहीं खाते।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित दस्तावेज, बैंक खातों और चल-अचल संपत्तियों की विस्तृत जांच की जा रही है। केस अब एंटी करप्शन यूनिट या सतर्कता विभाग को सौंपे जाने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोप सिद्ध होते हैं, तो आगे की कार्रवाई में निलंबन और विभागीय जांच भी शामिल हो सकती है। मेरठ में रेलवे स्टेशन से बरामद बच्ची को भिखारी गैंग को देने के मामले में नरगिस खान को सस्पेंड किया गया। नरगिस खान और उसके पति के नाम पर कई करोड़ रुपए की महंगी गाड़ियां हैं।
साल 2021 में इंस्पेक्टर नरगिस खान और उसके पति सुरेश कुमार यादव को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया था। दोनों के खिलाफ डिप्टी लेबर कमिश्नर से करोड़ों रुपए के गबन का मुकदमा दर्ज किया गया था।
नरगिस खान साल 1999 में पहली बार मेरठ महिला थाने की प्रभारी बनीं। महंगी गाड़ी खरीदने के बाद तत्कालीन SSP एमए गणपति ने जांच बैठा दी थी। इसके बाद नरगिस खान को हटा दिया गया था। यहीं से वह सुर्खियों में आईं। इसके बाद वह सुरेश कुमार यादव के संपर्क में आ गईं। सुरेश अपनी पत्नी को छोड़ चुके थे। नरगिस खान से इनकी नजदीकियां बढ़ीं।
सपा सरकार में सुरेश का अफसरों पर बड़ा वर्चस्व रहा। सुरेश का सपा नेताओं से बेहद करीबी का नाता रहा। इसके बाद साल 2014 में फिर नरगिस खान को मेरठ के महिला थाने में बतौर प्रभारी तैनात किया गया। सिपाही से जूता पहनवाने के मामले में नरगिस खान का नाम फिर विवादों में आया। गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में रहने वाले रिटायर्ड उप श्रम आयुक्त रोशन लाल की पत्नी उमा देवी ने फरवरी 2021 को महिला इंस्पेक्टर नरगिस खान, उनके पति सुरेश कुमार यादव, भाई खालिद रऊफ और लिपिक जितेंद्र सिंह बोरा और दो अन्य के खिलाफ गाजियाबाद के कविनगर थाने में 1.72 करोड़ की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था।
इंस्पेक्टर नरगिस खान और उनके पति सुरेश की वे संपत्तियां जानें, जिनकी जांच हो रही
- मेरठ शास्त्रीनगर में ए 36/4, ए ब्लॉक में 640 गज की कोठी, नरगिस खान और सुरेश कुमार यादव के नाम पर है। इसकी कीमत लगभग 5 करोड़ रुपए है।
- मेरठ लोहिया नगर में बी-377 में एक प्लॉट नरगिस खान के नाम पर है। इसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपए है।
- मेरठ रक्षापुरम में मकान नंबर-4/97, सुरेश कुमार यादव के नाम पर है। इसकी कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए है।
- मेरठ में गढ़ रोड पर नंदनी बार और रेस्टोरेंट, 8 दुकानें, सुरेश कुमार यादव के नाम पर हैं। इसकी कीमत 10 करोड़ रुपए है।
- मेरठ लालकुर्ती में 8 दुकानें सुरेश कुमार यादव के नाम पर हैं। इसकी कीमत लगभग 2 करोड़ रुपए है।
- मेरठ सूर्यनगर में 5 दुकानें सुरेश कुमार यादव के नाम पर हैं। इसकी कीमत 1.5 करोड़ रुपए है।
- करीब तीन करोड़ की नरगिस खान के घर में लग्जरी कारें हैं।
- सुरेश कुमार यादव के नाम पर तीन पेट्रोल और डीजल टैंकर, 7 मोबाइल टैंकर हैं। इसकी कीमत 3 करोड़ रुपए है।
- गाजियाबाद वसुंधरा में 1 फ्लैट सुरेश कुमार यादव के नाम पर है। इसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपए है।
- नोएडा में 2 फ्लैट सुरेश कुमार यादव और नरगिस खान के नाम पर है। इसकी कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए है।
- नोएडा सेक्टर-18 में जस्ट बार सुरेश कुमार यादव के नाम पर है। इसकी कीमत लगभग 3 करोड़ रुपए है।
- बरेली बदायूं-रोड भमोरा में एक पेट्रोल पंप, मारिया सर्विस स्टेशन सुरेश कुमार यादव के नाम पर है। कीमत लगभग 05 करोड़ रुपए है।
- बरेली मोमदी शाहजहांपुर में पेट्रोल पंप कुमार फिलिंग स्टेशन, जिसकी कीमत लगभग 02 करोड़ रुपए है।
- लखनऊ में एक पूरा नंदनी अर्पाटमेंट सुरेश कुमार यादव के नाम पर है। इसकी कीमत लगभग 5 करोड़ रुपए है।
- लखनऊ अलीगंज में एक फ्लैट यश अर्पाटमेंट सुरेश कुमार यादव के नाम पर है। इसकी कीमत लगभग 80 लाख रुपए है।
- कानपुर देहात में भोगनीपुर में पेट्रोल पंप नंदनी फ्यूल सेंटर सुरेश कुमार यादव के नाम पर है। इसकी कीमत लगभग 2.5 करोड़ रुपए है।
- कानपुर देहात तहसील-भोगनीपुर में दो बीघा का नंदनी फार्म हाउस और गेस्ट हाऊस सुरेश कुमार यादव के नाम पर है। इसकी कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए है।
- कानपुर देहात तहसील-भोगनीपुर, ग्राम-सराय में ढाई बीघा जमीन सुरेश कुमार यादव के नाम पर है। कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपए है।
- कानपुर देहात तहसील-भोगनीपुर, नथुआपुर में दो बीघा जमीन सुरेश कुमार यादव के नाम पर है। कीमत लगभग 80 लाख रुपए है।
- कानपुर देहात में परैरापुर में डेढ़ बीघा जमीन सुरेश कुमार यादव के नाम पर है। कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए है।
- कानपुर देहात में हलधरपुर में डेढ़ बीघा जमीन सुरेश कुमार यादव के नाम पर है। कीमत लगभग 90 लाख रुपए है।
- कानपुर देहात मोहम्मदपुर में 8 बीघा जमीन सुरेश कुमार यादव के नाम पर है। कीमत लगभग 04 करोड़ रुपए है।
- कानपुर देहात, परैरापुर में 18 बीघा जमीन नरगिस खान और सुरेश कुमार यादव के नाम है। कीमत लगभग 09 करोड़ रुपए है।
- कानपुर देहात मोहम्मदपुर में 16 बीघा जमीन नरगिस खान ने अपने बेटे वेदांत और पति सुरेश कुमार यादव के नाम पर खरीदी है। कीमत लगभग 07 करोड़ रुपए है।
- अमरोहा के कस्बा गजरौला में 10 हजार वर्ग गज का एक प्लॉट सुरेश कुमार यादव और नरगिस खान के नाम पर है। कीमत लगभग 10 करोड़ रुपए है।
- देहरादून डालनवाला में दो फ्लैट सुरेश कुमार यादव के नाम पर हैं। कीमत लगभग 40 लाख रुपए है।