मऊ में जमीनी विवाद में लाठी-डंडे चले
मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के काझा खुर्द गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा के पैतृक गांव में हुई इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, काझा खुर्द गांव में आबादी की जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इस खूनी संघर्ष का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, इस झड़प में कुल आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें से चाचा हरि गोविंद और उनके पुत्र रामनयन की हालत गंभीर है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी स्थित बीएचयू रेफर कर दिया है। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
पीड़ित पक्ष के धर्मेंद्र ने आरोप लगाया है कि उनके परिवार के लोग राजस्व टीम द्वारा नापी गई जमीन पर अपने हिस्से में मकान बना रहे थे। इसी दौरान नंदलाल, पिंटू, रामप्यारे सहित अन्य लोगों ने अचानक हमला कर दिया और जानलेवा मारपीट की।

