योगी सरकार का बड़ा फैसला : यूपी पुलिस भर्ती में एज लिमिट 3 साल बढ़ी
सीएम योगी ने 32,679 पदों पर पुलिस भर्ती में अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। अभ्यर्थियों को आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट दी है। दरअसल, एज लिमिट (आयु सीमा) विवाद सरकार की गले की फांस बनता जा रहा था। एज लिमिट बढ़ाए जाने की मांग सरकार के भीतर भी उठने लगी थी। इसे देखते हुए योगी सरकार ने यह फैसला लिया है।
दरअसल, राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, भाजपा के विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी और दिनेश रावत ने योगी को पत्र लिखकर सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की आयु सीमा 22 वर्ष से बढ़ाकर 25 वर्ष किए जाने की मांग की थी।
विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने योगी को उनका वादा याद दिलाया था। लेटर में लिखा था- 18 नवंबर, 2025 को गोरखपुर जनता दरबार में और 15 दिसंबर, 2015 को लखनऊ में जनता दरबार में आपने वादा किया था कि अभ्यर्थियों को तीन साल की छूट प्रदान की जाएगी। लेकिन, नोटिफिकेशन जारी होने पर उसमें तीन साल की छूट प्रदान नहीं की गई।
इससे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अभ्यर्थियों की मांग का समर्थन किया था। उन्होंने कहा था कि भाजपा सरकार की लापरवाही के कारण पुलिस भर्ती में देरी हुई है। इससे कई अभ्यर्थी इस परीक्षा को लेकर अयोग्य हो गए हैं। 31 दिसंबर की शाम योगी सरकार ने 32, 679 पदों पर सीधी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया था। इनमें सिविल पुलिस के अलावा PAC, विशेष सुरक्षा बल यानी SSF, महिला बटालियन, घुड़सवार पुलिस और जेल वार्डर तक के पद शामिल थे।
सिविल पुलिस में 10,469 पदों पर महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। जबकि PAC में पुरुषों के लिए 15,131 पद खाली हैं। UP SSF में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 1341 वैकेंसी है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 दिसंबर से 30 जनवरी, 2026 तक चलेगी। आवेदन करने से पहले upprpb.in पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) जरूरी है। साल 2025 में यह दूसरी बड़ी भर्ती है। इससे पहले 60,244 पदों पर सिपाही भर्ती हुई थी।
कितनी फीस लगेगी?
- सामान्य, ईडब्लूएस और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 500 रुपए।
- अनुसूचित जाति और अनुसूचित जन जाति के लिए 400 रुपए।
क्या शैक्षिक योग्यता होनी चाहिए? आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी किसी भी बोर्ड से 12वीं पास होना चाहिए। आवेदन करते समय अभ्यर्थी के पास आवश्यक शैक्षिक योग्यता होनी चाहिए।
अतिरिक्त योग्यता, जो मदद करेंगे
- DOEACC या NIELIT संस्था से कंप्यूटर में O लेवल या उससे हाई लेवल का सर्टिफिकेट
- प्रादेशिक सेना में कम से कम दो वर्ष की सेवा
- NCC का B प्रमाण-पत्र
नोट- इन सर्टिफिकेट्स के आधार पर कुछ अभ्यर्थियों को समान अंक होने की स्थिति में प्राथमिकता दी जाती है। इसमें कोई अतिरिक्त अंक नहीं दिए जाएंगे, बल्कि बराबर अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों में चयन के समय प्राथमिकता तय की जाएगी।

