Dailynews

बिजनौर : पूर्व सांसद की गाड़ी के आगे लेटा व्यापारी, सिर बंपर में फंसा

बिजनौर में भाजपा के पूर्व सांसद कुंवर भारतेंद्र सिंह की गाड़ी के आगे एक व्यापारी लेट गया। पुलिस ने हटाने की कोशिश की, तो वह बंपर में घुस गया और उसका सिर गाड़ी में फंस गया। ड्राइवर ने गाड़ी पीछे की, तो उसका शरीर कुछ मीटर तक घिसटता चला गया।

पुलिस ने पैर पकड़कर घसीटकर उसे गाड़ी के नीचे से निकाला। इसके बाद वह गाड़ी से अलग हुआ। इस दौरान व्यापारी कहता रहा- हमको गोली मार दो। व्यापारी को हटाने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करने पड़ी। इस दौरान करीब 30 मिनट तक हंगामा चलता रहा।

घटना के समय पूर्व सांसद अधिकारियों के साथ एक लकड़ी फैक्ट्री में छापेमारी करने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां विवाद हो गया। मामला बढ़ता देख पूर्व सांसद गाड़ी में बैठकर वापस लौटने लगे, तभी आक्रोशित व्यापारी उनकी गाड़ी के आगे लेट गया।

फैक्ट्री मालिक ने पूर्व सांसद पर 5 करोड़ रुपए की अवैध वसूली और उत्पीड़न का आरोप लगाया। गाड़ी के बंपर में फंसने के कारण व्यापारी को चोट भी आई है। मामला चांदपुर रोड स्थित एक आरा मशीन का बताया जा रहा है। इसका वीडियो भी सामने आया है।

बुधवार दोपहर करीब 4 बजे चांदपुर रोड स्थित तालिब बंधु कारोबारी के आरा मशीन में भाजपा के पूर्व सांसद कुंवर भारतेन्दु सिंह अधिकारियों के साथ छापेमारी करने पहुंचे थे। इस आरा मशीन को कुछ महीने पहले सील किया गया था। बाद में बहाल कर दिया गया।

आज जांच के लिए वन विभाग की टीम और SDM मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान फैक्ट्री मालिक और पूर्व सांसद के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही तीखी नोकझोंक में बदल गई। हंगामा बढ़ता देख जब पूर्व सांसद कुंवर भारतेंद्र सिंह अपनी गाड़ी में बैठकर वापस लौटने लगे, तो आक्रोशित व्यापारी उनकी गाड़ी के ठीक आगे जमीन पर लेट गए।

इस विरोध से वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों में अफरातफरी मच गई। काफी देर तक पूर्व सांसद, पुलिस बल और फैक्ट्री मालिक के बीच खींचतान की स्थिति बनी रही

मोहम्मद आबिद ने बताया कि 4 बजे के समय एडीएम साहब आए थे। चांदपुर रोड पर मेरी आरा मशीन है। ये दुकान पहले सस्पेंड कर दी गई थी, जिसे डीएफओ साहब ने बहाल कर दिया था।

तुषार मलिक रोजाना यहां आकर रेकी करता था। उसके बाद उन्होंने राजा भारतेन्दु साहब को बुलाया। 40-50 आदमी उनके साथ आए थे। उन्होंने कहा- हम तुम्हें किसी भी कीमत पर छोड़ेंगे नहीं, नेस्तनाबूद कर देंगे।

उन्होंने हम पर गाड़ी चढ़ाई, मेरे ऊपर चाकू से वार किया। सांसद हमसे कहते हैं कि हमारे सीधे मुख्यमंत्री जी से ताल्लुक हैं, हम सीधे मुख्यमंत्री के पास जाकर बैठते हैं। हम 5 मिनट में तुम्हें नेस्तनाबूद कर देंगे। हमें 5 करोड़ रुपए दो।हम कहां से दें? आबिद ने कहा- मेरा कुंवर भारतेंद्र सिंह से कोई विवाद नहीं था। मैंने कई बार माफी भी मांगी, यहां तक कि पैर भी पकड़े, लेकिन इसके बावजूद मुझे लगातार परेशान किया जा रहा है। मेरा पहले रोबिन चौधरी से विवाद हुआ था, लेकिन उससे भी उन्होंने माफी मांग ली थी। इसके बावजूद अब इस मामले को तूल दिया जा रहा है।

चुनाव लड़ने के लिए हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा करने की कोशिश आबिद ने कहा कि कुंवर भारतेंद्र सिंह मुख्यमंत्री तक शिकायत पहुंचाकर प्रशासन पर अनावश्यक दबाव बना रहे हैं। यह पूरा मामला राजनीतिक है। मुझे निशाना बनाकर हिंदू-मुस्लिम मुद्दा खड़ा किया जा रहा है।

पूर्व सांसद कुंवर भारतेंद्र सिंह ने कहा- हमें ADM का फोन आया था कि फैक्ट्री की बहाली का आदेश आया है, जिसे देखने के लिए मुझे बुलाया गया। मुझे बताया कि बहाली का आदेश दिसंबर का था, जबकि फैक्ट्री फरवरी में सील हुई थी। अंदर जाकर देखने पर सील की जगह केवल कपड़ा लगा मिला, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

पूर्व सांसद बोले- मेरे गनर की बंदूक छीनने की कोशिश की गई पूर्व सांसद ने बताया- हालात बिगड़ने पर अधिकारियों ने मुझे गाड़ी में बैठने को कहा। यह भी आरोप लगाया कि मेरे गनर की बंदूक छीनने की कोशिश की गई और गाड़ी को रोककर शीशे तोड़ने का प्रयास किया गया। SP अभिषेक झा ने बताया- ADM और वन विभाग की टीम जांच के लिए गई थी। जांच के दौरान कुछ लोगों द्वारा अभद्रता की गई और गाड़ी के सामने लेटने की कोशिश की गई। घटना के वीडियो मिले हैं और एक व्यक्ति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *