गोरखपुर जू में बाघिन में बर्ड फ्लू वायरस मिला, कर्मचारियों की हो रही सैंपलिंग
गोरखपुर में बाघिन ‘शक्ति’ में H5 एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस (बर्ड फ्लू) की पुष्टि होने के बाद प्रदेश के जू में अलर्ट जारी कर दिया गया है। गोरखपुर के साथ लखनऊ, कानपुर जू और इटावा लायर सफारी को 7 दिन के लिए बंद कर दिया गया है।
वहीं बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद गोरखपुर में कर्मचारियों की सैंपलिंग शुरू कर दी गई है। सभी की जांच की जा रही है। साथ ही जू को सैनिटाइज किया जा रहा है। इसके अलावा जानवरों के बाड़े की भी जांच की जा रही है। वहीं बुधवार दोपहर को गुजरात की टीम पहुंच गई है।
14 से 20 मई तक बंद रहेगा चिड़ियाघर गोरखपुर जू के निदेशक विकास यादव ने बताया- राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान, भोपाल की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद जू को 14 से लेकर 20 मई तक दर्शकों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इस निर्णय का उद्देश्य सभी जानवरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और वायरस के संभावित प्रसार को रोकना है।
पशु चिकित्सकों और वन विभाग के अधिकारियों ने बाघिन ‘शक्ति’ की मौत के बाद तुरंत जांच शुरू कर दी थी, जिसके बाद वायरस की पुष्टि हुई। H5 एवियन इन्फ्लुएंजा, जिसे आमतौर पर ‘बर्ड फ्लू’ के नाम से जाना जाता है, पक्षियों से अन्य जानवरों और मनुष्यों में भी फैल सकता है।
हालांकि, वन्य जीवों में इसके फैलने के मामलों की संख्या सीमित रहती है, लेकिन यह वायरस गंभीर परिणाम पैदा कर सकता है, इसलिए इस पर नियंत्रण पाना बेहद जरूरी है।
उद्यान प्रशासन ने इस दौरान सुरक्षा उपायों को और सख्त कर दिया है। सभी कर्मचारियों को जैव सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी बाहरी जीव-जन्तु उद्यान परिसर में प्रवेश न कर सके और वायरस का फैलाव रोका जा सके।