BJP विधायक बोले- आगरा DRM निकम्मा है, अमृत स्टेशन लोकार्पण कार्यक्रम में कहा- मेरा फोन नहीं उठाते
आगरा में फतेहपुर सीकरी से भाजपा विधायक बाबू लाल ने DRM के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उन्हें निकम्मा अधिकारी कहा। कहा- डीआरएम को यही नहीं पता कि आगरा में कौन विधायक है। कौन सांसद है। रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जा है, मैंने उन जगहों के बारे में बताया।
इसके बाद डीआरएम ने मेरा फोन उठाना बंद कर दिया। वो मुझे विधायक नहीं समझते। मैं फोन करता हूं, मेरा फोन नहीं उठाते। ऐसे अधिकारी की आगरा में कोई जगह नहीं है। वहीं, भाजपा के एत्मादपुर क्षेत्र से विधायक डॉ. धर्मपाल ने DRM की तारीफ की। उन्हें अच्छा बताया।
दरअसल, अमृत भारत योजना के तहत यूपी के 19 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया गया। गुरुवार को पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इन रेलवे स्टेशनों का इनॉगरेशन किया। इसी के चलते ईदगाह रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम हो रहा था।
कार्यक्रम के मंच से विधायक बाबू लाल ने कहा- फतेहपुर सीकरी में लोगों ने रेलवे की जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। लोगों ने पक्के निर्माण कर लिए। मैंने इसकी शिकायत डीआरएम से की। मगर संज्ञान नहीं लिया गया। मैं डीआरएम के इस बर्ताव की शिकायत रेल मंत्री से करूंगा। डीआरएम का व्यवहार कतई अच्छा नहीं है।
वहीं, मंच से एत्मादपुर क्षेत्र से विधायक डॉ. धर्मपाल ने कहा- पता नहीं बाबूलाल जी को DRM से क्या शिकायत है। मैं तो कहना चाहता हूं, मैंने आज तक उन्हें जो भी काम बताए सब पूरे हुए। शिकायतों का संज्ञान लिया। मैं तो कहूंगा, उनसे अच्छा कोई अधिकारी नहीं है।
वहीं,MEDIA ने जब DRM तेज प्रकाश अग्रवाल से विधायक बाबूलाल के कमेंट पर सवाल किया तो उन्होंने कहा- नो कमेंट। बोले, मुझे इस बारे में कुछ नहीं कहना है।
आगरा मंडल के 15 स्टेशनों पर खर्च हो रहे 200 करोड़ अमृत स्टेशन योजना के तहत आगरा रेल मंडल के 15 स्टेशनों का कायाकल्प कराया जा रहा है। इन स्टेशनों पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने और सौंदर्यीकरण पर 200 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं। इनमें से 5 स्टेशनों का काम लगभग पूरा हो गया है।
इन पर लगभग 44 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। आगरा रेल मंडल में सबसे अधिक गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर खर्च कयिा गया है। यहां 16 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए गए हैं।
इन 5 रेलवे स्टेशनों का हुआ लोकार्पण
स्टेशन | जिला | कुल लागत |
ईदगाह | आगरा | 12.8 करोड़ रुपये |
फतेहाबाद | आगरा | 2.60 करोड़ रुपये |
गोवर्धन | मथुरा | 16.80 करोड़ रुपये |
महवा मंडावर | दौसा | 4.10 करोड़ रुपये |
गोविंदगढ़ | अलवर | 7.10 करोड़ रुपये |