Crime News

महाकुंभ यात्रियों की बोलेरो-बस टकराईं, 10 की मौत, 19 घायल

UP के प्रयागराज में शुक्रवार रात करीब ढाई बजे बोलेरो की बस से टक्कर हो गई। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, 19 घायल हैं। जान गंवाने वाले सभी लोग बोलेरो में सवार थे। वे छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से महाकुंभ आ रहे थे। हादसा प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर मेजा इलाके में हुआ।

घायल हुए 19 लोग बस में सवार थे, जो कि मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के रहने वाले हैं। वे संगम स्नान के बाद वाराणसी जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह डैमेज हो गई। श्रद्धालु छिटककर सड़क पर जा गिरे। किसी का हाथ टूटा तो किसी का सिर फट गया। कई लोग बोलेरो में ही फंस गए। इन्हें निकालने में ढाई घंटे का समय लगा।

SP यमुनापार विवेक यादव ने बताया- बोलेरो में सभी पुरुष सवार थे। इसकी स्पीड बहुत ज्यादा थी। बस वाले ने ब्रेक लगाया, लेकिन सामने से आ रही बोलेरो बस में सामने से भिड़ गई। मरने वाले कोरबा के दर्री और जांजगीर चांपा जिले के रहने वाले थे। दो परिवार के लोग साथ में आए थे।

कमिश्नर तरुण गाबा और DM रविंद्र कुमार मांदड़ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। घायलों को रामनगर के सिटी हेल्थ सेंटर (CHC) में भर्ती करवाया गया। शुरुआती इलाज के बाद सभी को स्वरूप रानी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया- टक्कर की आवाज सुनकर हम लोग दौड़कर पहुंचे। देखा कि बोलेरो से शव बुरी तरह फंसे हुए थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस गैस कटर और एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंची।

बोलेरो को गैस कटर से काटा गया। तब जाकर शवों को बाहर निकाला गया। कई शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। बैग से मिले आधार कार्ड से पुलिस ने दो शवों की पहचान ईश्वरी प्रसाद जायसवाल और सोमनाथ दरी के रूप में की। घायल श्रद्धालु रोडमल ने बताया कि हादसे के वक्त बस में सवार ज्यादातर लोग सो रहे थे। अचानक भीषण टक्कर हुई। उस समय मैं जाग रहा था और बस के केबिन में बैठा था। बेकाबू बोलेरो सामने से बस से भिड़ गई। गनीमत रही कि मैं किसी तरह बच गया।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *