News

बुलंदशहर : कंपनी में गैस रिसाव से 2 की मौत, कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

बुलंदशहर में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। एक इंजीनियरिंग कंपनी में ओपनिंग से पहले हुए ट्रायल के दौरान गैस रिसाव हो गया। इससे 2 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल कर्मचारियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।

हादसा सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित बैट एक्स इंजीनियरिंग कंपनी में हुआ। मृतकों की पहचान मुरादाबाद के रहने वाले अंकुश और गुलावठी के सतेंद्र सिंह के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सभी कर्मचारियों को सुरक्षित फैक्ट्री से बाहर निकाला लिया गया। वहीं, हादसे के बाद आक्रोशित कर्मचारियों ने फैक्ट्री के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पुलिस अफसर लोगों को समझाने में जुटे हैं। कर्मचारियों ने फैक्ट्री मालिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए हड़ताल का ऐलान कर दिया। सिकंदराबाद के एसडीएम संतोष कुमार ने बताया- हादसे की जांच की जा रही है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है।

कंपनी में मोबाइल की बैट्री और अन्य एसेसरीज की रिसाइकल का काम होना है। इस समय यहां ट्रायल चल रहा था। मंगलवार दोपहर करीब 2.15 बजे जहरीली गैस का रिसाव होने लगा। 3 बजे तक कई कर्मचारी बेहोश होकर गिरने लगे। गैस रिसाव के बाद वहां भगदड़ मच गई। हादसे के समय फैक्ट्री के अंदर 150 से ज्यादा कर्मचारी थे।

रेस्क्यू कर सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला सूचना पर एसडीएम संतोष कुमार और सीओ पूर्णिमा सिंह मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम भी आई। रेस्क्यू कर सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। कुछ देर में डीएम श्रुति पांडेय, एसएसपी श्लोक कुमार भी मौके पर पहुंचे। प्लांट के अंदर जाकर स्टाफ से मामले की जानकारी ली।

सतेंद्र सिंह के चाचा ने बताया, मेरे पास फोन आया कि कंपनी में जहरीली गैस लीक हुई है। हम मौके पर पहुंचे। कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड से अपने भतीजे के बारे में जानकारी ली, उन्होंने मना कर दिया। मैंने उनसे पूछा कि यहां जहरीली गैस फैली है क्या। उन्होंने साफ इनकार कर दिया। मैंने बाहर भतीजे की बाइक खड़ी देखी। गार्ड से कहा, यह बाइक मेरे भतीजे की है।

उन्होंने बताया जहरीली गैस फैलने से दो लोगों की मौत हो गई है। एक की हालत गंभीर है। उसे कहां भेजा हमें कोई जानकारी नहीं है। इसके बाद हमने 112 डायल किया। पुलिसकर्मियों ने कंपनी में फंसे कर्मचारियों को बाहर निकाला। अभी तक हमारी किसी से बात नहीं हो पाई है।

डीएम श्रुति पांडेय ने बताया कि कंपनी अभी पूरी तरह से नहीं चली है। अभी ट्रायल का काम चल रहा है। इसी में काम कर रहे कई मजदूरों की गैस रिसाव होने से तबीयत बिगड़ गई। इस पर उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया। 2 मजदूरों की मौत हो गई। अन्य का इलाज चल रहा है। हादसे की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। मृतकों के परिजनों की भी हरसंभव मदद की जाएगी।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *