बुलंदशहर : भाजपा नेता पर डॉक्टर से अभद्रता, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी का आरोप
बुलंदशहर, राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में एक चिकित्सक के साथ गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। चिकित्सक की शिकायत पर पुलिस ने भाजपा नेता चीकू मेंबर और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इमरजेंसी में तैनात डॉ. अशोक कुमार राय ने बताया कि ड्यूटी के दौरान कुछ लोग शराब के नशे में इमरजेंसी कक्ष में घुस आए। उन्होंने बिना किसी कारण के अभद्रता करना शुरू कर दिया।
डॉ. राय के अनुसार, भाजपा नेता चीकू मेंबर और उनके साथ मौजूद दो अन्य व्यक्तियों ने न केवल गाली-गलौच की, बल्कि उनके काम में बाधा डालते हुए डराने-धमकाने का प्रयास भी किया।
डॉ. राय ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने इमरजेंसी से बाहर निकलने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए इमरजेंसी में अफरा-तफरी मच गई, जिससे अन्य मरीजों और उनके तीमारदारों को भी परेशानी हुई।
चिकित्सक ने इस मामले की लिखित शिकायत संबंधित थाने में दर्ज कराई। इसके आधार पर पुलिस ने भाजपा नेता चीकू मेंबर और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

