बुलंदशहर : भाजपा का ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान, स्वदेशी अपनाने पर जोर
बुलंदशहर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ शुरू किया है। बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने लोगों से स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने और आत्मनिर्भर बनने की अपील की।
चौहान ने बताया कि इस अभियान के तहत पहले एक कार्यशाला का आयोजन किया गया था। अब दूसरे चरण में संबंधित जनपदों में प्रेस वार्ताएं आयोजित की जा रही हैं। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
अभियान के तहत 16 से 30 अक्टूबर तक युवा और महिला सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने बताया कि 1 से 15 नवंबर तक छोटे और बड़े व्यापारियों के सम्मेलन होंगे, जिनमें छोटे व्यापारियों को लाभ पहुंचाने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी।
विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भर बनने और स्वदेशी अपनाने की योजना से भारत को किसी अन्य देश पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सदर विधायक प्रदीप चौधरी ने भी कहा कि पीएम मोदी का सपना है कि देश का युवा आत्मनिर्भर बने और सफलता की ऊंचाइयों को छुए।
इस अवसर पर स्याना विधायक देवेंद्र सिंह लोधी, डिबाई विधायक चंद्रपाल सिंह, आत्मनिर्भर संकल्प अभियान के संयोजक व जिला महामंत्री संजय गुर्जर, जिला महामंत्री संतोष वाल्मीकि, संजय माहेश्वरी, गौरव मित्तल और अभिनव वर्मा सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।