बुलंदशहर : कार शोरूम के कर्मचारी पर ग्राहकों से लाखों रुपये की ठगी का आरोप
बुलंदशहर में एक कार शोरूम के कर्मचारी पर ग्राहकों से लाखों रुपये की ठगी का आरोप लगा है। कंपनी के निदेशक की शिकायत पर कोतवाली देहात पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, भूड़ चौराहे स्थित कार शोरूम के अधिकृत प्रतिनिधि विनीत चड्ढा ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि दीपेन्द्र सिंह नामक कर्मचारी अगस्त 2025 से सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत था। दीपेन्द्र 10 फरवरी 2026 से बिना सूचना के अनुपस्थित है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब 12 फरवरी 2026 को एक ग्राहक शोरूम पहुंचा। ग्राहक ने बताया कि उसने वाहन खरीदने के लिए आरोपी दीपेन्द्र सिंह के व्यक्तिगत बैंक खाते में 3,39,998 रुपये ट्रांसफर किए थे। इस शिकायत के बाद शोरूम ने आंतरिक जांच की। जांच में सामने आया कि दीपेन्द्र ने अन्य कई ग्राहकों से भी अपने निजी खाते में पैसे मंगवाए थे। कुल मिलाकर, आरोपी ने अलग-अलग ग्राहकों से लगभग 8,12,998 रुपए की धनराशि अपने व्यक्तिगत खाते में प्राप्त की।
कंपनी ने बताया कि शोरूम में स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी कर्मचारी के व्यक्तिगत खाते में भुगतान न किया जाए। इसके बावजूद आरोपी ने धोखाधड़ी की। इस घटना से ग्राहकों को आर्थिक नुकसान हुआ है और कंपनी की साख को भी ठेस पहुंची है।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपी दीपेन्द्र सिंह और उसके संभावित सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही, पीड़ितों की धनराशि वापस दिलाने का भी अनुरोध किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर देहात कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

