google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
Live News

बुलंदशहर : उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ पूजा संपन्न

बुलंदशहर में चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा मंगलवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। शहर और ग्रामीण इलाकों के गंगा घाटों, नहरों और कृत्रिम जलाशयों पर हजारों श्रद्धालुओं ने सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया।

सोमवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने पूरी रात जागरण किया। मंगलवार तड़के से ही व्रती महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में घाटों पर पहुंचने लगी थीं। सूर्य की पहली किरणें फूटते ही ‘छठ मइया के जयकारे’ से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।

श्रद्धालुओं ने दूध, जल, गन्ना, नारियल, ठेकुआ और विभिन्न फलों से सूर्य देव को अर्घ्य दिया। उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की। अर्घ्य के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर चार दिवसीय निर्जला व्रत का पारण किया।

छठ पर्व के दौरान प्रशासन ने घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं की थीं। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा, जबकि नगर पालिका द्वारा साफ-सफाई और प्रकाश की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। एएसपी ऋजुल ने बताया कि सोमवार देर रात करीब दो बजे से ही पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई थी। इस अवसर पर कई सामाजिक संगठनों ने श्रद्धालुओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। घाटों को प्लास्टिक मुक्त रखने का आग्रह किया गया और श्रद्धालुओं ने मिट्टी के दीप जलाकर छठ मइया की पूजा की।

स्थानीय निवासी पीयूष प्रताप ने बताया कि छठ मइया उनके परिवार की आराध्या हैं और वे पूरे साल इस पर्व का इंतजार करते हैं। उन्होंने इसे आत्मशुद्धि और परिवार की मंगलकामना का पर्व बताया। अन्य व्रती कविता और मंजू ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए सुरक्षा और सफाई पर संतोष व्यक्त किया।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *