News

बुलंदशहर : पिता की मौत सुनकर बेटी को आया हार्टअटैक

बुलंदशहर में पिता की मौत की खबर सुनते ही नाबालिग बेटी को हार्टअटैक आ गया। उसकी भी मौत हो गई। लक्ष्मी नारायण रावल (55) ड्यूटी के लिए रविवार रात घर से निकले थे। तभी रास्ते में उनकी बाइक से अचानक सांड टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह उछलकर कई फीट दूर गिरे।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने लक्ष्मी नारायण को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना जिला मुख्यालय से 60 किमी दूर नरोरा थाना क्षेत्र की है। एक घंटे के भीतर पिता-बेटी की मौत से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रामघाट गांव के रहने वाले लक्ष्मी नारायण रावल डिबाई के मथुरिया इंटर कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड थे। वे रोज रात 9 बजे ड्यूटी पर जाते थे। रविवार रात वह बाइक से स्कूल के लिए निकले। 10 किलोमीटर दूर नरोरा टोल प्लाजा के पास पहुंचे थे। तभी उनकी बाइक के सामने सांड आ गया।

सांड से बाइक की टक्कर होते ही वह उछलकर सिर के बल गिरे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत नरोरा एनएपीएस के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। रात करीब 11 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पिता की मौत सुन बेटी को हार्टअटैक आया

बाइक सवार की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। परिजनों को फोन पर जानकारी दी। लक्ष्मी नारायण की मौत की खबर जैसे ही उनकी बेटी ममता (17) को पता चली, वह बेहोश हो गई।

ममता की देखते-देखते तबीयत काफी ज्यादा बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टर ने बताया- इसे हार्टअटैक आया है। इसके बाद उसका तुरंत इलाज शुरू हुआ। लेकिन देर रात करीब 12 बजे ममता की भी मौत हो गई।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *