बुलंदशहर : गर्मी के चलते स्कूलो-कॉलेजों का समय घटा, अब सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक होंगी कक्षाएं
बुलंदशहर में भीषण गर्मी के चलते स्कूल-कॉलेज का समय कम कर दिया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने नया टाइम टेबल जारी किया है। इसके मुताबिक सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूल-कॉलेज सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक चलेंगे।
जिले में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। हीट वेव का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। गर्मी के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। बाजारों में भी भीड़ कम नजर आ रही है।
लोग जूस पीकर राहत की तलाश कर रहे हैं। वे सिर और मुंह को ढककर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
प्रशासन लगातार अलर्ट जारी कर रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें।