Live News

बुलंदशहर : ग्राम प्रधान के घर पर फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

बुलंदशहर, अगौता थाना क्षेत्र के अनहेड़ा गांव में गुरुवार देर रात ग्राम प्रधान प्रमोद के घर पर भाड़े के शूटरों द्वारा की गई फायरिंग ने सनसनी फैला दी। फायरिंग की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें ग्राम प्रधान का भाई सोनू बाल-बाल बच गया। इस मामले में प्रधान की तहरीर पर अगौता ब्लॉक प्रमुख पति आदेश चौधरी समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

गुरुवार देर रात ग्राम प्रधान प्रमोद के भाई सोनू जैसे ही घर का दरवाजा खोलकर बाहर निकलने वाले थे, भाड़े के शूटरों ने फायरिंग कर दी। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन ग्राम प्रधान का परिवार दहशत में है। प्रधान ने आरोप लगाया कि उनकी हत्या की साजिश रची गई थी। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए हैं।

ब्लॉक प्रमुख पति नामजद

ग्राम प्रधान प्रमोद ने आरोप लगाया कि अगौता ब्लॉक प्रमुख पति आदेश चौधरी ने उनकी हत्या की साजिश रची और भाड़े के शूटरों को भेजा। उनका दावा है कि यह तीसरी बार ग्राम प्रधान बनने से रोकने की राजनीतिक साजिश थी। ब्लॉक प्रमुख पति आदेश चौधरी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बताया और कहा कि प्रधान उनके रिश्ते में चाचा लगते हैं, लेकिन आपसी रंजिश के कारण उन्हें फंसाया जा रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी

अगौता थाना अध्यक्ष सोमनाथ राय ने बताया कि ग्राम प्रधान की तहरीर पर गौरव सिरोही, अरुण, ब्लॉक प्रमुख पति आदेश चौधरी, और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से बरामद कारतूस के खोखे और सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल कर लिया है। एसपी शिव ठाकुर ने बताया कि घटना की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

राजनीतिक रंजिश ने बढ़ाई आशंका

अनहेड़ा गांव में प्रधान और ब्लॉक प्रमुख के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान अब खूनी रंजिश में बदलने की आशंका पैदा कर रही है। ग्राम प्रधान प्रमोद का कहना है कि उनकी हत्या की कोशिश राजनीतिक द्वेष का नतीजा है। वहीं, ब्लॉक प्रमुख पति आदेश चौधरी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह उनके खिलाफ साजिश है।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *