बुलंदशहर : हर्ष फायरिंग में भाजपा नेता की बाजू चीरते हुए सीने के पार हुई गोली
बुलंदशहर में हर्ष फायरिंग में भाजपा नेता की गोली लगने से मौत हो गई। द्वार-पूजा के दौरान दुल्हन का चचेरा भाई अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायर कर रहा था। फायरिंग के दौरान पिस्टल से गोली फंस गई। बार-बार ट्रिगर दबाते वक्त अचानक से गोली चल गई।
गोली सामने कुर्सी पर बैठे बीजेपी नेता के सीने में घुस गई। वह वहीं लुढ़क गए। बारात में अफरा-तफरी मच गई। उनको लेकर लोग अस्पताल भागे। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। परिवार ने शव रखकर प्रदर्शन किया।
घटना गुरुवार देर रात की चोला थानाक्षेत्र के खानपुर गांव की है। मृत भाजपा नेता की पहचान धर्मेंद्र भाटी के रूप में हुई है। जबकि गोली चलाने वाला भाजपा ककोड़ मंडल का महामंत्री बताया जा रहा।
ककोड़ कोतवाली क्षेत्र के गांव अजयनगर से विनोद भाटी के बेटे शिवम भाटी की बारात चोला क्षेत्र के खानपुर गांव में आई थी। गुरुवार देर रात बारात पहुंचने के बाद द्वारपूजा शुरू हुआ। द्वारपूजा में दुल्हन के रिश्तेदार अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर रहे थे। हवाई फायर करते वक्त गोली फंस गई।
फंसी गोली को निकालने के लिए वह बार-बार ट्रिगर दबाने लगे लेकिन फायर नहीं हो रहा था। कई बार ट्रिगर दबाते वक्त अचानक से गोली चल गई। गोली सामने कुर्सी पर बैठे भाजपा नेता धर्मेंद्र भाटी (36) के बाजू को चीरते हुए सीने में घुस गई। गोली चलते ही आसपास बैठे लोग भागे। द्वार पूजा में अफरा-तफरी मच गई। धर्मेंद्र भाटी जमीन पर गिर पड़े।
बारात में मौजूद लोग घायल नेता को लेकर अस्पताल की ओर भागे। लेकिन अस्पताल पहुंचने के पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इसी बीच किसी बाराती ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया।
मृतक धर्मेंद्र भाटी, अजयनगर के रहने वाले थे। वह भाजपा में सक्रिय थे और स्थानीय विधायक के साथ ही रहते थे। द्वारपूजा में हर्ष फायरिंग कर रहा सुग्रीव सोलंकी, भाजपा ककोड़ मंडल का महामंत्री है। वह रिश्ते में दुल्हन का चचेरा भाई लगता है। धर्मेंद्र भाटी को गोली लगने के बाद वह फरार हो गया। धर्मेंद्र भाटी और सुग्रीव सोलंकी दोनों दोस्त थे।
उधर, हर्ष फायरिंग से हुई मौत के बाद घरवालों ने जल्दी-जल्दी शादी की रस्में पूरी करके रात में ही लड़की को विदा कर दी। थाना प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि धर्मेंद्र भाटी के शव का पोस्टमॉर्टम नोएडा में कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही। चचेरे भाई पुष्पेश ने आरोप लगाया कि बारात की रस्में चल रही थीं, तभी सुग्रीव सोलंकी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से भाई धर्मेंद्र भाटी को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। उनका कहना है कि गोली धोखे से नहीं चली, बल्कि जानबूझकर चलाई गई। पुष्पेश ने यह भी बताया कि मृतक के दो बेटियां और एक बेटा हैं।
ककोड़ में भाजपा नेता की गोली लगने से मौत के बाद परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर विरोध जताया।आरोपी मंडल अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विधायक सिकंदराबाद लक्ष्मीराज सिंह और जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने परिजनों को समझाकर शांत किया।
भाजपा कार्यकर्ता धर्मेंद्र भाटी के अंतिम संस्कार में सुरक्षा व्यवस्था के बीच भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान और क्षेत्रीय विधायक लक्ष्मी राज सिंह पहुंचे। परिजनों को सांत्वना दी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गांव में तीन थानों—चोला, ककोड़ और जहांगीरपुर की पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। धर्मेंद्र भाटी की मौत एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से हुई थी। पुलिस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कर रही है।

