Live News

बुलंदशहर : जेई ने महिला अफसर का नाम लेकर गाना गाया, सस्पेंड

बुलंदशहर में जेई ने महिला एसडीओ का नाम लेकर गाना गाया। वीडियो देखते ही महिला अफसर भड़क गईं। उन्होंने एमडी से शिकायत कर दी। एमडी ने शनिवार को जांच के बाद जेई को सस्पेंड कर दिया।

8 अप्रैल को बुलंदशहर से बिजली विभाग के 30 जेई प्रदर्शन के लिए लखनऊ गए थे। बस में बिजली कर्मचारियों ने ‘दे दे प्यार दे’ गाने पर डांस किया। जेई संजीव कुमार ने भी ठुमके लगाए। इस दौरान संजीव ने महिला अफसर का नाम लेकर डांस किया।

कर्मचारियों ने इसका वीडियो बना लिया और महिला अफसर को भेज दिया। इसके बाद महिला अफसर ने मेरठ जाकर एमडी से शिकायत की।

महिला एसडीओ और जेई संजीव दोनों एक ही ऑफिस में काम करते हैं। संजीव महिला एसडीओ के अधीनस्थ जेई है। महिला एसडीओ का पति भी बुलंदशहर में कृषि विभाग में तैनात है। 8 अप्रैल को लखनऊ में निजीकरण के खिलाफ बिजली विभाग के कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया था। इसमें बुलंदशहर से 30 जेई बस बुक कर लखनऊ गए थे। रास्ते में बस में गाने पर डांस किया।

जेई को बाकियों ने रोका नहीं वीडियो में दिख रहा है कि जैसे ही बस में ‘दे दे प्यार दे’ गाना बजता है, एक जेई सीट से उठकर डांस करने लगता है। वह जेई संजीव को भी खींच लेता है और दोनों डांस करने लगते हैं। इसके बाद 4-5 जेई और डांस में शामिल हो जाते हैं। इसी बीच संजीव सीट पर बैठ जाता है। वह महिला एसडीओ का नाम लेकर हाथ उठाकर डांस करने लगा, लेकिन किसी ने उसे रोका नहीं, बल्कि तालियां बजाकर उसका साथ दिया।

वीडियो देखते ही भड़कीं SDO

संजीव की इस हरकत का वीडियो किसी ने बनाकर महिला एसडीओ को भेज दिया। यह देखकर महिला अफसर भड़क गईं। उन्होंने मेरठ जाकर एमडी ईशा दुहन से जेई की शिकायत की। कहा- मुझे वॉट्सऐप पर एक वीडियो मिला है।

इसमें जेई संजीव कुमार ने सभी कर्मियों के सामने मेरा नाम लेकर दे दे प्यार दे गाना गाया। यह वीडियो मेरे परिचितों के बीच भी वायरल किया गया। इससे मेरी मानहानि हुई है। जेई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

इसके बाद एमडी ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की। शनिवार को टीम ने जांच रिपोर्ट एमडी को सौंपी, जिसमें जेई संजीव को दोषी पाया गया। इसके बाद एमडी ने जेई को सस्पेंड कर दिया।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *