बुलंदशहर : गांजा बिक्री का विरोध, महिला और बेटियों से मारपीट
बुलंदशहर में गांजा बिक्री का विरोध करने पर एक महिला और उसकी बेटियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांजा तस्कर ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला और उसकी बेटियों को पीटा। पीड़िता का कहना है कि शिकायत के तीन दिन बाद भी नगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद उसने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता के अनुसार, यह घटना 14 मार्च को हुई थी। उसके बेटे की पड़ोसी से मामूली कहासुनी हो गई थी, जिस पर गांजा बेचने का आरोप है। इसके बाद आरोपी अपने साथियों को बुलाकर महिला के घर पहुंच गया और लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
इस मारपीट में महिला और उसकी बेटियों को चोटें आईं। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि हमले के दौरान उसकी बेटियों के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ भी की गई।
महिला ने बताया कि आरोपी उसके पड़ोस में गांजा बेचने का काम करता है। दोनों के मकान पास-पास होने और नाम एक जैसा होने के कारण कई बार लोग उसके घर गांजा खरीदने पहुंच जाते हैं। महिला इसका विरोध करती है, जिसके चलते आरोपी उससे रंजिश रखता है।
पीड़िता ने घटना की शिकायत नगर कोतवाली में दर्ज कराई थी, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद उसने एसएसपी से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर कोतवाली पुलिस को जांच कर आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

