बुलंदशहर : रिटायर्ड फौजी साइबर ठगी का शिकार, 1.5 लाख रुपये ठगे
बुलंदशहर में साइबर जालसाजों ने एक रिटायर्ड सैनिक को एयरपोर्ट पर फंसी महिला का बहाना बनाकर करीब डेढ़ लाख रुपए की ठगी की है। पीड़ित ने इस संबंध में साइबर थाना सिविल लाइन और देहात कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का आरोप है कि कॉल करने वाले ने खुद को उसकी परिचित महिला का सहयोगी बताया और शुल्क जमा करने के नाम पर अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करा ली।
गांव जमनावली कलां निवासी सेवानिवृत्त सैनिक मोहनलाल ने बताया कि 3 अक्टूबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि उनकी एक परिचित महिला विदेश से भारत आई है और एयरपोर्ट पर उसका रजिस्ट्रेशन होना है, जिसके लिए भारतीय मुद्रा की आवश्यकता है।
कॉलर ने मोहनलाल से तात्कालिक शुल्क जमा कराने के लिए एक खाते में रुपए भेजने को कहा। भरोसा करते हुए मोहनलाल ने पहली बार 30,500 रुपए भेज दिए। इसके बाद उसी नंबर से दोबारा कॉल कर बताया गया कि महिला का “पीला विजिटिंग कार्ड” बनवाना है, जिसके लिए 45,500 रुपए भेजने को कहा गया। मोहनलाल ने यह रकम भी जमा कर दी।
जालसाजों ने अगले ही दिन फिर फोन किया और दोबारा शुल्क के नाम पर पैसे भेजने को कहा। इस बार उन्होंने दो बार में 55,000 और 20,000 रुपए जमा कराए। कुल मिलाकर, जालसाजों ने मोहनलाल से 1.51 लाख रुपए की ठगी की।
जब कॉल आने बंद हुए और उन्हें संदिग्धता का अहसास हुआ, तो मोहनलाल को ठगी का पता चला। उन्होंने तुरंत साइबर थाना सिविल लाइन बुलंदशहर में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और देहात कोतवाली में भी प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

