google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
Live News

बुलंदशहर : एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की बिक्री, 7 रुपए किलो आटा, 6.50 रुपये में कोल्ड ड्रिंक बरामद

बुलंदशहर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने डीएम आवास के पीछे स्थित देवीपुरा कॉलोनी में एक गोदाम पर छापा मारा है। यहां से बड़े पैमाने पर एक्सपायरी खाद्य पदार्थ बरामद किए गए, जिनमें आशीर्वाद समेत अन्य कंपनियों का आटा 7 रुपये प्रति किलो और कोल्ड ड्रिंक 6.50 रुपये में बेची जा रही थी। बाजार में गेहूं 25 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।

विभाग को सूचना मिली थी कि देवीपुरा कॉलोनी के एक गोदाम में एक्सपायरी सामान बेचा जा रहा है। शुक्रवार को टीम मौके पर पहुंची तो पाया कि एक गाड़ी में विभिन्न कंपनियों का आटा भरा हुआ था, जिसे गोदाम में उतारा जा रहा था। मौके पर बड़ी संख्या में ग्राहक भी मौजूद थे। गोदाम के अंदर भारी मात्रा में ऐसे खाद्य पदार्थ मिले जो या तो एक्सपायर हो चुके थे या जल्द ही एक्सपायर होने वाले थे।

जांच में सामने आया कि माल खरीदने के लिए फर्जी बिलों का इस्तेमाल किया गया था। मौके पर मिले बिलों के अनुसार, माल गुरुग्राम स्थित जैप्टो कंपनी द्वारा मुंबई की एक फर्म को बेचा गया दर्शाया गया था। इन बिलों में माल की कीमत प्रिंट कीमत के मुकाबले 90 फीसदी तक कम दिखाई गई थी, जिससे कर चोरी की आशंका भी जताई जा रही है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मौके से एक गाड़ी में भरे विभिन्न ब्रांड के आटे के कट्टे भी मिले। पूछताछ में आरोपी सुभाष सिंह ने बताया कि यह आटा पशुओं के चारे के लिए भेजा जा रहा था, लेकिन वह इसका कोई ठोस सबूत नहीं दे सका। टीम ने मौके से आटा समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। एक्सपायर मिले सामान को नष्ट करने की कार्रवाई की जा रही है।

तीन क्विंटल खाद्य सामग्री कराई नष्ट

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से पांच किलो चना सत्तू, तीन लीटर सन फ्लावर तेल, दो लीटर मूंगफली तेल, आठ किलो प्रोटीन पाउडर, 60 किलो मिठाई, करीब दो क्विंटल बिस्कुट, चॉकलेट और नमकीन, 20 बोतल कोल्ड ड्रिंक, 10 बोतल सोडा वाटर, पांच लीटर सॉस, दो किलो गारलिक पेस्ट, तीन किलो कैचअप, पांच किलो मल्टी ग्रेन आटा, दो किलो रागी आटा को नष्ट कराया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त विनीत कुमार ने बताया कि मौके से बेसन लड्डू, आटा, मल्टीग्रेन आटा, मक्का आटा (राजधानी ब्रांड) समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *