News

बुलंदशहर : फैशन शोरूम में चोरी, चोर 3.18 लाख नकद और कपड़ा लेकर फरार

बुलंदशहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में स्थित मैक्स फैशन शोरूम में देर रात अज्ञात चोरों ने लाखों की चोरी को अंजाम दिया। थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के अंसारी रोड पर हुई इस घटना से व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। चोरों ने शोरूम से करीब 3 लाख 18 हजार रुपये नकद और कुछ महंगे कपड़े चुरा लिए।

बताया जा रहा है कि अज्ञात चोरों ने देर रात शोरूम का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। वे सीधे काउंटर तक पहुंचे और गल्ले में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। फुटेज में दो अज्ञात चोर शोरूम के अंदर घुसकर चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

सोमवार सुबह जब शोरूम मालिक पंकज अग्रवाल मौके पर पहुंचे, तो ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखने पर गल्ले से नकदी गायब मिली और कुछ महंगे कपड़े भी चोरी हो चुके थे। घटना की जानकारी मिलते ही शोरूम मालिक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही, आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही इस चोरी की वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *