बुलंदशहर : लुहारली टोल पर 1 अप्रैल से टोल बढ़ोतरी
बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर स्थित लुहारली टोल प्लाजा पर 1 अप्रैल से यात्रा महंगी हो जाएगी। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने टोल दरों में वृद्धि का ऐलान किया है, जो 31 मार्च की रात 12 बजे के बाद लागू हो जाएगी।
गाजियाबाद-अलीगढ़ एक्सप्रेसवे (NH-34) पर स्थित यह टोल प्लाजा वर्ष 2015 से संचालित है और यहां से प्रतिदिन करीब 30 हजार वाहन गुजरते हैं। टोल प्रबंधक बजरंग सैनी के अनुसार, नई दरों की सूची टोल प्लाजा पर पहले ही चस्पा कर दी गई है, ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
NHAI के क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ (वेस्ट यूपी) के अधिकारी सुनील वर्मा ने बताया कि अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के टोल में 5 रुपये से लेकर 25 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। साथ ही, टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय वाहन चालकों के मासिक पास में भी 10 रुपये की वृद्धि की गई है।
नई टोल दरों के अनुसार, कार, जीप और वैन के लिए अब 155 रुपये चुकाने होंगे, जबकि पहले यह 150 रुपये था। हल्के व्यावसायिक वाहनों के लिए शुल्क 240 रुपये, बस और ट्रक के लिए 495 रुपये, भारी व्यावसायिक वाहनों के लिए 755 रुपये और ओवरसाइज वाहनों के लिए 965 रुपये कर दिया गया है। स्थानीय मासिक पास अब 360 रुपये में उपलब्ध होगा, जो पहले 350 रुपये था।

