Live News

 बुलंदशहर : मंदिर से घंटे चोरी करने वाले दो भाई गिरफ्तार

बुलंदशहर में देहात कोतवाली पुलिस ने मंदिरों से घंटे चोरी करने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अमित और सुमित के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से करीब 80 किलो चोरी किए गए पीतल के घंटे, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार और वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद घंटों की अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी सुनियोजित तरीके से आधा दर्जन से अधिक मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। ये रात के अंधेरे में सुनसान इलाकों में स्थित मंदिरों को निशाना बनाते थे और घंटों को काटकर या खोलकर चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए घंटों को वे कबाड़ी को बेचने की फिराक में रहते थे।

लगातार हो रही मंदिर चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली देहात पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मंदिरों में चोरी की कई घटनाओं को कबूल किया है।

फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि चोरी का सामान कहां-कहां बेचा गया और इस गिरोह में कोई अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं है। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है और जल्द ही मामले में और खुलासे हो सकते हैं।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *