बुलंदशहर : यूजीसी एक्ट के खिलाफ विभिन्न संगठनों ने किया प्रदर्शन
बुलंदशहर में सोमवार को विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों ने यूजीसी एक्ट के विरोध में संयुक्त प्रदर्शन किया। भाकियू महाशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और एक्ट को वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने नगर के डीएवी तिराहे से काला आम चौराहे तक एक रैली निकाली। इस विरोध प्रदर्शन में क्षत्रिय समाज, ब्राह्मण समाज, व्यापारिक संगठन सहित कई अन्य संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली के दौरान यूजीसी एक्ट को ‘काला कानून’ बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की गई।
रैली के बाद सभी प्रदर्शनकारी कलक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह कानून युवाओं के भविष्य और देश की शिक्षा व्यवस्था के लिए हानिकारक साबित हो सकता है।
भाकियू महाशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार को शिक्षा से संबंधित ऐसे कानून लागू करने से पहले सभी वर्गों की राय लेनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यूजीसी एक्ट के कुछ प्रावधान शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर सकते हैं, जिससे छात्रों, शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस कानून पर पुनर्विचार नहीं किया तो देशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के उपरांत, प्रधानमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से यूजीसी एक्ट को वापस लेने और देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग की गई।
इस अवसर पर अनिल कौशिक, अनिल देशभक्त, आदेश पाराशर, पृथ्वीराज सिंह, यशपाल सिंह सहित कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

