खुर्जा में अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर
लंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण (BKDA) ने खुर्जा तहसील क्षेत्र में अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को प्राधिकरण के सचल प्रवर्तन दल ने खुर्जा के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग आधा दर्जन से अधिक अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर की गई।
कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात रही, जिससे भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया। अधिकारियों के अनुसार, ये अवैध कॉलोनियां बिना मानचित्र स्वीकृति और निर्धारित मानकों के बसाई जा रही थीं। विभागीय कार्रवाई में मजिस्ट्रेट, राजस्व विभाग और प्राधिकरण की टीम भी मौजूद थी।
अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नामित मजिस्ट्रेट और पीएसी/पुलिस बल तैनात रहा। प्राधिकरण के सक्षम अधिकारी, सहायक अभियंता और अवर अभियंता की देखरेख में बुलडोजर ने अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया। प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना नक्शा स्वीकृत कराए किए जा रहे किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उपाध्यक्ष डॉ. अंकुर लाठर ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी मेहनत की कमाई किसी अवैध कॉलोनी में न लगाएं। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र के अंतर्गत बिना मानचित्र स्वीकृति के कोई भी निर्माण या विकास कार्य न करें।
बीकेडीए के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई खुर्जा क्षेत्र में हाईवे 34 के किनारे करीब आधा दर्जन अवैध प्लॉटिंग पर हुई है। इससे पहले, प्राधिकरण ने सिकंदराबाद रोड पर मनीष बंसल व अन्य द्वारा करीब 10 बीघा, योगेश लोधी व अन्य द्वारा लगभग 30 बीघा और दानिश कुरैशी द्वारा करीब 10 बीघा में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को भी ढहाया था।

