google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
News

सुल्तानपुर कलेक्ट्रेट पर कांग्रेसियों-पुलिस में नोकझोक

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्यों की कथित पिटाई के मामले में बुधवार को सुल्तानपुर कलेक्ट्रेट पर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान नगर कोतवाल धीरज कुमार और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। कांग्रेसियों ने योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

इस दौरान कांग्रेस नेता राजेश तिवारी ने कहा कि अगर सरकार यह तय करने लगेगी कि शंकराचार्य कौन होगा, तो एक दिन कुलदीप सेंगर जैसे लोग शंकराचार्य बन जाएंगे। उन्होंने हिंदू धर्म के सर्वोच्च धर्मगुरुओं, शंकराचार्यों के अपमान का मुद्दा उठाते हुए सत्ताधारी दल पर निशाना साधा। राजेश तिवारी ने भाजपा की तुलना ‘रावण’ से करते हुए आरोप लगाया कि जिस तरह रावण संतों से कर वसूलता था, उसी तरह भाजपा भी धर्म के नाम पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में चार पीठ हैं और शंकराचार्य से बड़ा कोई धर्मगुरु नहीं है।

तिवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने शंकराचार्यों के साथ दुर्व्यवहार किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी तंज कसते हुए कहा कि उन्हें ‘योगी’ कहना भी उचित नहीं है। तिवारी ने दावा किया कि सत्ता के अहंकार में चूर भाजपा नेताओं ने धर्मगुरुओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में भाजपा अपनी कैबिनेट के जरिए शंकराचार्यों की नियुक्ति करने की कोशिश कर सकती है, जो हिंदू परंपराओं के खिलाफ होगा। राजेश तिवारी ने कहा, “जो भाजपा राम का नाम लेकर सत्ता में आई, वो आज रावण जैसा काम कर रही है। हमारे सर्वोच्च धर्मगुरु शंकराचार्य जी का अपमान अक्षम्य है। कांग्रेस पार्टी हमेशा सर्वधर्म और हिंदुओं के सम्मान के लिए खड़ी रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में हम इस अत्याचार के खिलाफ मैदान में हैं।” प्रदर्शन में वरुण मिश्रा, जफन खान, हामिद राइन, रंजीत सिंह सलूजा, राहुल तिवारी, सुब्रत सिंह सनी, शरद श्रीवास्तव, मोहसिन सलीम और सलाउद्दीन हाश्मी सहित कई अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *