खुर्जा के शीतला माता मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़
खुर्जा, बुलंदशहर। चैत्र मास के पावन अवसर पर खुर्जा के ग्राम किला मेवई स्थित प्राचीन श्री शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। माता के दर्शन की अभिलाषा में भक्त देर रात 12 बजे से ही कतारों में लग गए थे। कई घंटों के लंबे इंतजार के बाद श्रद्धालुओं को माता रानी के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
भक्तों की मान्यता है कि शीतला माता के दर से कोई खाली हाथ नहीं लौटता। यहां मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और रोगों से मुक्ति मिलती है। इसी विश्वास के साथ देर रात से ही जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया। हाथों में जल, फूल और प्रसाद लिए भक्त माता के जयकारे लगाते नजर आए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
मंदिर परिसर के बाहर एक छोटे मेले का भी आयोजन किया गया। माता के दर्शन करने के उपरांत बच्चों ने अपने परिजनों के साथ मेले का भरपूर आनंद लिया। खिलौनों की दुकानों और खान-पान के स्टॉलों पर भारी भीड़ देखी गई।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जगह-जगह तैनात पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाली। वहीं, ‘श्री शीतला माता मंदिर समिति ट्रस्ट’ के सेवादारों ने भी व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

