Crime News

गैंगरेप के बाद दलित युवती की बिना कपड़ों के मिली लाश, पैर तोड़े

Share News

अयोध्या में 22 साल की एक दलित युवती की हत्या कर दी गई। उसकी न्यूड लाश मिली है। वह गुरुवार रात से लापता थी। परिजन ढूंढ रहे थे, शनिवार यानी 1 फरवरी की सुबह लड़की के जीजा ने गांव की सूखी नहर में उसकी लाश पड़ी देखी।

आशंका है कि युवती के साथ गैंग रेप हुआ है। परिजनों ने बताया- युवती के शरीर पर कपड़े नहीं थे, उसकी दोनों आंखों पर चोंट थीं, जैसे नोंचने की कोशिश की गई हो। चेहरे और सिर पर घाव थे। शरीर पर जगह-जगह जख्म दिख रहे थे। हाथ-पांव रस्सी से बंधे हुए थे।

जिन लोगों ने शव को कपड़े से ढककर उठाया, उनका कहना था कि पैर भी टूटा हुआ था। शव की हालत देखकर लड़की की बड़ी बहन और गांव की 2 महिलाएं बेहोश हो गईं। घटना अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है।

गांव में रहने वाले एक परिवार की 22 वर्षीय बेटी 30 जनवरी की रात 10 बजे घर से निकली। मगर वह वापस नहीं आई। परिजन गांव में ही ढूंढते रहे। इसके बाद 31 जनवरी को अयोध्या कोतवाली में गुमशुदगी की शिकायत की।

परिजनों का आरोप है, पुलिस युवती को खोजने के बजाय केवल खानापूर्ति करती रही। शनिवार की सुबह युवती के जीजा ने गांव के बाहर छोटी नहर में युवती की लाश देखी। छोटी नहर गांव से 500 मीटर दूर है। उन्होंने परिजनों को लाश मिलने की जानकारी दी। इसके बाद भीड़ जुट गई।

मामला युवती का था, इसलिए घर की महिलाएं भी पहुंचीं। उन्होंने बताया, युवती के शरीर पर कपड़े नहीं थे। पूरे शरीर पर जख्म ही जख्म थे। उसकी आंखों पर चोंट थीं। सिर और चेहरे पर गहरे घाव थे।

देखने से ऐसा लग रहा था कि पैर की हड्डियां टूटी हुईं हैं। बॉडी लहूलुहान थी। इस मंजर को देखकर कई महिलाएं मौके पर ही बेहोश हो गईं।

युवती चार बहनों में तीसरे नंबर पर थी। उसकी बड़ी बहन ने बताया, 30 जनवरी की रात में घर से कथा सुनने के बात कहकर गई थी। घर से कुछ दूरी पर कथा हो रही थी। रात में वह नहीं आई।

बहन ने बताया, हमारे पति ने सबसे पहले शव को देखा। इसके बाद सभी को बताया। शव को देखने के बाद होश उड़ गए। शरीर पर कई जख्म थे, जैसे ब्लेड से उसके शरीर पर घाव किए गए हों। उसके बाल भी नोचे गए थे। पूरी बॉडी खून से लथपथ थी। हम शव को देखकर बेहोश हो गए। हमारी मांग है कि जो भी आरोपी हो, उसे फांसी की सजा दी जाए। बड़ी बहन ने बताया, घर से खाना खाकर गई थी, पुलिस से 31 जनवरी को शिकायत की गई। पुलिस आई, और कहा कि जाकर खुद यहां-वहां ढूंढो, मिल जाएगी। हम लोग उसे ढूंढते रहे।

स्कूल के पास शौचालय में खून मिला। इसके बाद बाहर खून से सना हुआ कपड़ा मिला। वहीं पर शराब की बोतल भी मिली, गेहूं के खेत में खून के छींटे मिले है। लेकिन शव नहीं मिला। शव आज सुबह मिला है।

CO आशुतोष तिवारी ने कहा- मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चलेगा कि युवती के साथ रेप हुआ है या नहीं। मामले में केस दर्ज किया जा रहा है। टीमें बनाकर गांव के लोगों से पूछताछ की जा रही है। 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *