Crime News

डीसीएम-कार की टक्कर, कुशीनगर के 2 पत्रकारों  का निधन

संतकबीर नगर में सड़क हादसे में कुशीनगर के दो पत्रकारों की मौत हो गई। दो अन्य पत्रकारों की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी लोग कार से लखनऊ से कुशीनगर लौट रहे थे। गोरखपुर से लखनऊ की तरफ जा रही डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और कार को टक्कर मार दी।

हादसा इतना भयंकर था कि चारो लोग कार में ही फंस गए। पेट्रोल पंप कर्मियों ने कार का दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में दो को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि 2 का इलाज चल रहा है। हादसा खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलाबाद के पास हाईवे पर सोमवार सुबह हुआ।

लखनऊ में पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश स्तरीय होली मिलन एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें कुशीनगर के चार पत्रकारों धनंजय पाण्डेय (35) पुत्र उमाकांत पांडेय, शंभू मिश्रा (45) पुत्र रमाकांत मिश्रा, रमन कुमार (42) पुत्र मुन्नीलाल, सुदेश मिश्रा (42) पुत्र हंसराज मिश्रा एक कार से शामिल होने गए थे।

सोमवार सुबह चारो वापस लौट रहे थे। गाड़ी धनंजन चला रहे थे। खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलाबाद के पास अचानक डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करके दूसरी तरफ आ गई। यहां कुशीनगर की तरफ जा रही कार से सीधी टक्कर हो गई। कार चालक सीट में फंसा

टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार चालक सीट में फंस गया। पेट्रोल पंप कर्मियों ने कड़ी मशक्कत से कार का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला। सभी घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल संतकबीर नगर भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने ने धनंजय पाण्डेय और शंभू मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रमन और सुदेश मिश्रा की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे की खबर कुशीनगर पहुंची, परिजन रवाना

मरने वाले शंभू मिश्रा खड्डा थाना क्षेत्र के लखुवा गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं, जो बाहर रहकर पढ़ाई करते हैं। शंभू मिश्रा खड्डा में दवा के व्यवसाय से भी जुड़े थे और इन दिनों पडरौना में मकान बनवा रहे थे।

वहीं, धनंजय पांडेय अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ जिला मुख्यालय पडरौना में किराए के मकान में रहते थे। उनकी पत्नी एक निजी स्कूल में अध्यापिका हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही कुशीनगर जिले के पत्रकारों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन संतकबीर नगर के लिए रवाना हो गए हैं।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *