बुलंदशहर में घना कोहरा, सर्दी बढ़ी
बुलंदशहर में सोमवार की सुबह से मौसम ने अचानक करवट ले ली। शहर और देहात क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर मात्र 20 से 25 मीटर रह गई। कोहरे के साथ गलन भरी सर्दी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। सुबह-सुबह घर से निकलने वाले लोगों को ठंड और नमी का ज्यादा असर महसूस हुआ।
घने कोहरे के कारण सड़कों पर यातायात भी प्रभावित रहा। हाईवे और प्रमुख मार्गों पर वाहन चालकों को बेहद धीमी गति से वाहन चलाने पड़े। कई स्थानों पर वाहन हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आए। कोहरे की वजह से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए चालक अतिरिक्त सतर्कता बरतते दिखे।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हालांकि आने वाले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे ठंड और बढ़ने के आसार जताए जा रहे हैं।
मौसम में आए इस बदलाव का असर आम जनजीवन पर साफ नजर आया। सुबह के समय टहलने निकलने वाले लोगों की संख्या कम रही, वहीं बाजारों में भी देर से चहल-पहल शुरू हुई। ठंड बढ़ने के चलते लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।
प्रशासन और यातायात विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान सावधानी बरतें, तेज गति से वाहन न चलाएं और आवश्यक होने पर ही यात्रा करें।

