वॉट्सऐप चैटबॉट से बनेगा DL, चालान का कर सकेंगे भुगतान
उत्तर प्रदेश में परिवहन विभाग ने तकनीक का एक और स्मार्ट इस्तेमाल शुरू करते हुए वॉट्सऐप चैटबॉट सेवा लॉन्च की है। अब वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों को लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, चालान जैसे कामों के लिए दफ्तर के चक्कर नहीं लगाने होंगे। ये सभी सुविधाएं वॉट्सऐप चैटबॉट नंबर 8005441222 पर आसानी से उपलब्ध होंगी।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने यूपी परिवहन विभाग को इस सेवा के लिए जरूरी एप्लिकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस एक्सेस देने की अनुमति प्रदान कर दी है। इससे चैटबॉट के जरिए सीधे परिवहन डेटाबेस से जानकारी मिल सकेगी, जिससे सेवा तेज और सटीक होगी।
आइए अब जानते है क्या-क्या मिलेगा इस चैटबॉट पर?
वॉट्सऐप चैटबॉट सेवा से अब लोग आसानी से नीचे दी गई जानकारियां व सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे:
- वाहन पंजीकरण का विवरण
- ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी सेवाएं
- चालान की स्थिति व भुगतान विवरण
- आवेदन की स्थिति की जानकारी
24×7 सुविधा और भीड़ में कमी
इस सेवा की सबसे बड़ी खासियत है कि यह 24×7 उपलब्ध है। इससे कार्यालयों में भीड़ कम होगी, और लोगों का समय और पैसा दोनों बचेगा। पारदर्शिता भी बढ़ेगी और डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
भारत सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस सेवा के तहत किसी नागरिक की निजी जानकारी साझा नहीं की जाएगी। सभी डेटा सुरक्षा प्रोटोकॉल और गोपनीयता नियमों का पूरी तरह पालन किया जाएगा।
स्मार्ट ट्रांसपोर्ट सिस्टम की ओर एक कदम
उत्तर प्रदेश के परिवहन आयुक्त बृजेश नारायण सिंह ने कहा कि यह पहल प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को और अधिक स्मार्ट, पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। विभाग जल्द ही यह सेवा पूरी क्षमता के साथ जनता के लिए उपलब्ध कराएगा।