खुर्जा में ई-रिक्शा बैटरी फटी, परिवार के 5 लोग घायल
बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली क्षेत्र स्थित नेहरूपुर में रविवार तड़के एक ई-रिक्शा की बैटरी फटने से एक ही परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना ई-रिक्शा की बैटरी चार्जिंग पर लगे होने के दौरान हुई।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 4:30 बजे पवन के घर में चार्जिंग पर लगी ई-रिक्शा की बैटरी में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घर में आग लग गई। परिवार के सदस्य नींद में होने के कारण संभल नहीं पाए।
इस हादसे में रोशन लाल, मीनाक्षी कुमारी, रोहित कुमार, अंजलि कुमारी और एक नवजात शिशु गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अलीगढ़ या मेरठ के हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विस्फोट के कारणों का पता लगा रही है, जिसमें शॉर्ट सर्किट या बैटरी की तकनीकी खराबी की संभावना शामिल है।

