Business

सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट

मध्य पूर्व में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव के कारण वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। ऐसे हालात में निवेशक सोने की ओर रुख करते हैं, लेकिन देश के सराफा बाजार में फिलहाल इसके उलट तस्वीर दिखाई दे रही है। 7 मार्च की सुबह दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव घटकर 1,61,270 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

सोने में गिरावट

तो वहीं, मुंबई में इसकी कीमत 1,61,120 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई। 6 मार्च को भी सोने में गिरावट देखी गई थी, जब दिल्ली के सराफा बाजार में इसका दाम करीब 1,100 रुपये या लगभग एक प्रतिशत घटकर 1,64,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था। कारोबारियों का कहना है कि लगातार दूसरे दिन निवेशकों द्वारा मुनाफा वसूली किए जाने के कारण कीमतों में यह नरमी देखने को मिली है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की चाल

घरेलू बाजार में सोने के दाम में गिरावट देखने को मिली है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में तस्वीर थोड़ी अलग है। मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में सोने की मांग वैश्विक स्तर पर बढ़ी है। इसके चलते विदेशी बाजारों में हाजिर सोने की कीमत में हल्की तेजी दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना 14.70 डॉलर यानी करीब 0.29 प्रतिशत बढ़कर 5,095.81 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि वैश्विक तनाव और बढ़ता है तो आने वाले दिनों में सोने की कीमतों में फिर से उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

दिल्ली में सोने का ताजा भाव

राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,61,270 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है, तो वहीं 22 कैरेट सोने की कीमत 1,47,840 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। बाजार के लोगों के अनुसार, घरेलू मांग और अंतरराष्ट्रीय कीमतों के बीच संतुलन के कारण फिलहाल दाम में मामूली गिरावट देखने को मिल रही है।

इन शहरों में सोने की कीमत

देश के अन्य बड़े शहरों में भी सोने की कीमत लगभग इसी स्तर पर बनी हुई है। मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में 22 कैरेट सोना करीब 1,47,690 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बिक रहा है, जबकि 24 कैरेट सोने का भाव लगभग 1,61,120 रुपये प्रति 10 ग्राम पर दर्ज किया गया है। सराफा कारोबारियों का कहना है कि शहरों में कीमतों में मामूली अंतर स्थानीय टैक्स और मांग-आपूर्ति के आधार पर देखने को मिलता है।

पुणे और बेंगलुरु में सोने का रेट

पुणे और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में भी सोने की कीमत लगभग समान स्तर पर बनी हुई है। यहां 24 कैरेट सोना करीब 1,61,120 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बिक रहा है, जबकि 22 कैरेट सोने का भाव लगभग 1,47,690 रुपये प्रति 10 ग्राम है। अगर वैश्विक बाजार में तेजी जारी रहती है तो घरेलू कीमतों पर भी इसका असर पड़ सकता है।

मध्य पूर्व का बढ़ता तनाव

28 फरवरी 2026 को इजराइल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करते हुए एयर स्ट्राइक की घोषणा की थी। इसके कुछ ही घंटों बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मिसाइल और ड्रोन से इजराइल पर हमले किए। इसके साथ ही ईरान ने मध्य पूर्व के कुछ अन्य देशों को भी निशाना बनाया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। डोनाल्ड ट्रंप ने बयान देते हुए कहा है कि ईरान के साथ किसी भी समझौते की संभावना तभी बन सकती है जब वह बिना शर्त आत्मसमर्पण करे। इसके बाद ही देश में नई और बेहतर नेतृत्व व्यवस्था की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकेगा।

चांदी की कीमत में गिरावट

सोने के साथ चांदी के दाम में भी गिरावट देखने को मिली है। 7 मार्च की सुबह चांदी की कीमत घटकर करीब 2,84,900 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई। इससे एक दिन पहले दिल्ली के सराफा बाजार में चांदी 600 रुपये टूटकर 2,71,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी के दाम में तेजी देखी गई और इसका हाजिर भाव लगभग 1.4 प्रतिशत बढ़कर 83.40 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में वैश्विक हालात के आधार पर कीमती धातुओं की कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *